डाक सेवाओं के दुरुपयोग की कोशिश नाकाम, विदेश से आए पार्सल से 10.8 किलो मादक पदार्थ जब्त

WhatsApp Channel Join Now
डाक सेवाओं के दुरुपयोग की कोशिश नाकाम, विदेश से आए पार्सल से 10.8 किलो मादक पदार्थ जब्त


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली स्थित विदेशी डाकघर में एक यूरोपीय देश से आए संदिग्ध डाक पार्सल से 10.8 किलोग्राम एम्फेटामिन नामक प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किया है। डीआरआई के अनुसार इस कार्रवाई के जरिए अंतरराष्ट्रीय तस्करी सिंडिकेट द्वारा वैध डाक सेवाओं के दुरुपयोग की कोशिश को नाकाम किया गया है।

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि डीआरआई के अधिकारियों को मिली विशेष सूचना के आधार पर संदिग्ध पार्सल की जांच की गई। पार्सल यूरोपीय देश से आया था और उसमें कपड़े (क्लेरन) होने की घोषणा की गई थी। शुरुआती जांच में डिब्बे के भीतर सामान्य घरेलू कपड़े मिले। हालांकि, पैकेजिंग की बारीकी से जांच करने पर डिब्बे की चारों तरफ की दीवारों में प्लास्टिक के दो-दो पाउच छिपे मिले। इस तरह कुल आठ पैकेट बरामद किए गए। इनमें गुलाबी रंग का पाउडर था, जिसकी जांच में एम्फेटामिन होने की पुष्टि हुई।

डीआरआई ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस)-1985 के प्रावधानों के तहत सभी आठ पैकेट जब्त कर लिए हैं। मामले की आगे जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776829 Articles

Share this story