‘नीट’ पर संसद में चर्चा की मांग सरकार ने स्वीकार की, राहुल पर लगाया बात से मुकरने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
‘नीट’ पर संसद में चर्चा की मांग सरकार ने स्वीकार की, राहुल पर लगाया बात से मुकरने का आरोप


नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास के नजदीक प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद केन्द्रीय मंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया है कि नेता प्रतिपक्ष अपनी बात से मुकर गए हैं। उन्होंने पहले कहा था कि संसद में नीट पर चर्चा की मांग स्वीकार करने पर वे प्रदर्शन समाप्त कर देंगे लेकिन यह बात मान लेने के बावजूद उन्होंने प्रदर्शन समाप्त नहीं किया।

सिंह ने कहा कि सरकार ‘नीट’ और उससे संबंधित आंदोलन के साथ जुड़े सभी विषयों पर संसद में चर्चा करने के लिए तैयार है। इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी ने आजतक इस गंभीर विषय पर नियमानुसार औपचारिक चर्चा करने का कोई नोटिस नहीं दिया। राहुल गांधी का व्यवहार लोकतंत्र के ऊसूलों से मेल नहीं खाता है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता अकस्मात अकबर रोड के समीप अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे थे। सरकार ने उन्हें और केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को वरिष्ठ नेताओं से वार्ता के लिए भेजा था। राहुल गांधी ने पहले संसद में नीट और उससे संबंधित आंदोलन के साथ जुड़े सभी विषयों पर चर्चा करने की मांग की और धरना तुरंत समाप्त करने का आश्वासन दिया।

उनकी बात मान लेने के बाद उन्होंने कहा कि वह इतने पर ही नहीं मानेंगे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। सिंह ने कहा, “उनके जैसे वरिष्ठ नेता को इतनी जल्दी अपनी बात से मुकर जाना शोभा नहीं देता, तो उन्होंने कहा कि यह उनकी मर्जी है। जब गृह सचिव ने यह समझाने का प्रयास किया कि यह स्थल धरने के लिए अनुकूल नही है तो उनका उत्तर था कि ये भी उनकी मर्जी है वे जहां बैठें।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story