समाज सरकारों से नहीं, निष्ठावान लोगों के कर्म से बनता है: डॉ मुरली जोशी

WhatsApp Channel Join Now
समाज सरकारों से नहीं, निष्ठावान लोगों के कर्म से बनता है: डॉ मुरली जोशी


समाज सरकारों से नहीं, निष्ठावान लोगों के कर्म से बनता है: डॉ मुरली जोशी


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री एवं डॉ मंगलम स्वामीनाथन फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक डॉ मुरली मनोहर जोशी ने रविवार को कहा कि समाज का निर्माण केवल सरकारों, योजनाओं या नीतियों से नहीं होता बल्कि उन ध्येयनिष्ठ और कर्मकौशल व्यक्तियों से होता है।

डॉ मुरली मनोहर जोशी ने यह बात आज दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में डॉ. मंगलम स्वामीनाथन फाउंडेशन की ओर से आयोजित डॉ मंगलम स्वामीनाथन राष्ट्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार 2026 समारोह में कही। इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

डॉ जोशी ने कहा, राष्ट्र को सशक्त और सुदृढ़ बनाने में निष्ठावान लोगों की भूमिका सर्वोपरि है। सरकारें आती-जाती रहती हैं और नीतियां बदलती हैं, लेकिन स्वप्रेरणा से चलने वाले सामाजिक प्रयास और कर्तव्यनिष्ठा समाज को स्थायी दिशा देते हैं। समाज में ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जिनके समर्पण और कार्य को देखकर सरकारों को भी नीतियां बनाने और उन पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होना पड़ता है।

मंगला स्वामीनाथन का स्मरण करते हुए डॉ जोशी ने कहा कि वह एक ऐसी दीपशिखा थीं, जिन्होंने न केवल बालाशंकर के जीवन को आलोकित किया, बल्कि जहां भी रहीं, वहां अपने कार्य, स्वभाव, निष्ठा, प्रामाणिकता, करुणा और सहृदयता की अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि बालाशंकर के जीवन की यात्रा और उपलब्धियों को आकार देने में मंगला की सहधर्मिणी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही और यह दंपति आदर्श गृहस्थ जीवन व निष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण है।

कार्यक्रम में सम्मानित विभूतियों का उल्लेख करते हुए डॉ. जोशी ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों जैसे विज्ञान, पत्रकारिता, समाज सेवा आदि में चयनित महानुभावों ने अपने जीवन को सार्थक बनाया है। उनके सम्मान से न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ी है, बल्कि ऐसे सत् कार्यों से समाज और राष्ट्र का गौरव भी बढ़ा है।

डॉ जोशी ने कहा कि केवल नीतियों, पोस्टरों या फिल्मों से बदलाव नहीं आता, बल्कि जमीनी स्तर पर पंजाब या केरल के गांवों तक काम ले जाने के लिए स्वप्रेरित संस्थाओं और कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होती है।

डॉ जोशी ने कहा कि बिना किसी बाहरी सहायता के, स्वयं के संसाधनों और समर्पण से हर वर्ष नए आदर्श व्यक्तित्वों को चुनकर सम्मानित करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने मंगला के साथ-साथ दत्तोपंत ठेंगड़ी के नाम से भी सम्मान दिए जाने की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह व्यापक सामाजिक सेवा की भावना को दर्शाता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story