दूरदर्शन ने मनाया 67वां स्थापना दिवस, संगीत और नृत्य से सजी शाम

WhatsApp Channel Join Now
दूरदर्शन ने मनाया 67वां स्थापना दिवस, संगीत और नृत्य से सजी शाम


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। देश के प्रतिष्ठित सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन ने अपना 67वां स्थापना दिवस मंडी हाउस स्थित दूरदर्शन भवन में मनाया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘दूरदर्शन@67– कल भी अपना, आज भी अपना’ रही।

समारोह में प्रसिद्ध गायिका ज्योति नूरां ने अपनी दमदार और सुरीली प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, शिखा खरे और उनकी टीम ने ‘रिद्म विथआउट बॉर्डर ’ फ्यूजन डांस प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंगभर दिया।

कार्यक्रम के दौरान दूरदर्शन के आगामी टीवी धारावाहिकों ‘संस्कार’ और ‘सुराग 2.0’ से जुड़े कलाकारों के साथ विशेष संवाद भी हुआ। इसमें के.सी. बोकाडिया, महेश ठाकुर, अमन वर्मा, दर्शन जरीवाला, पंकज बेरी, सुदेश बेरी, साई केतन राव, जिग्यासा सिंह और रेहान शाहरुख मिर्जाबेग शामिल रहे।

समारोह का संचालन नमिता सचदेवा और अली असगर ने किया। दोनों ने अपनी प्रस्तुति और संवाद से पूरे कार्यक्रम को मनोरंजक बनाए रखा।

उल्लेखनीय है कि

दूरदर्शन छह दशकों से अधिक समय से भारत के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का अहम हिस्सा रहा है। बदलते मीडिया परिदृश्य के साथ दूरदर्शन ने नई तकनीकों और डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाया है, लेकिन अपनी विशिष्ट पहचान और सार्वजनिक सेवा की भूमिका को कायम रखा है।

दूरदर्शन स्थापना दिवस समारोह 2026 में कलाकारों, टीवी जगत की हस्तियों और दूरदर्शन परिवार से जुड़े लोगों ने एक साथ मिलकर इसके गौरवशाली अतीत, वर्तमान उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य का उत्सव मनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story