चुनाव 26: डोमकल में माकपा समर्थकों को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने मतदान से रोका, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
कोलकाता, 23 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल क्षेत्र में माकपा और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच तनाव और झड़प की घटना सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है।
बुधवार रात से ही डोमकल इलाके में दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच विवाद और टकराव की स्थिति बनी रही। गुरुवार सुबह रायपुर क्षेत्र में माकपा समर्थकों को मतदान करने से रोके जाने का आरोप लगाया गया। आरोपों में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नाम सामने आया है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शुरुआत में केंद्रीय बल निष्क्रिय बने रहे और राज्य पुलिस की ओर से भी तत्काल सहायता नहीं मिली। हालांकि बाद में स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे।
बताया गया है कि सुरक्षा बलों ने माइक के माध्यम से लोगों को आश्वस्त किया और मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की। इसके बाद केंद्रीय बलों की सुरक्षा में वाम समर्थक मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचे और मतदान किया। घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
जिस 217 नंबर मतदान केंद्र पर माकपा समर्थक मतदाताओं को वोट देने से रोकने का आरोप लगा, वहां महकमा पुलिस अधिकारी शुभम बजाज पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रीय बलों की निष्क्रियता के आरोपों से इनकार किया। बाद में हुमायूं कबीर भी उक्त मतदान केंद्र पहुंचे। इस दौरान कुछ मतदाताओं ने उन्हें घेरकर विरोध प्रदर्शन किया और नाराजगी जताई।
डोमकल की घटना ने पहले चरण के मतदान के बीच चुनावी माहौल को गरमा दिया है। चुनाव आयोग ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगते हुए निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

