डॉक्टरों की कड़ी मेहनत, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ - प्रधानमंत्री मोदी

WhatsApp Channel Join Now
डॉक्टरों की कड़ी मेहनत, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ - प्रधानमंत्री मोदी


नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय चिकित्सक (डॉक्टर) दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशभर के चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, करुणा और सेवा भावना की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉक्टरों की कड़ी मेहनत, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी डॉक्टरों की अथक सेवा ने करोड़ों लोगों का विश्वास और आभार अर्जित किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई है, जबकि स्नातक और स्नातकोत्तर मेडिकल सीटों में भी व्यापक वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, इससे भावी डॉक्टरों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं, स्वास्थ्य क्षेत्र को अधिक सशक्त बनाने में मदद मिली है और देश के हर हिस्से तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में डॉक्टरों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने, चिकित्सा अनुसंधान को आगे बढ़ाने, नवाचार को अपनाने और सभी नागरिकों तक सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अहम योगदान देते रहेंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा ने भी देशभर के चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए चिकित्सा समुदाय की राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने अपनी अटूट निष्ठा, उत्कृष्ट पेशेवर क्षमता और मानवता के प्रति करुणामय सेवा भाव से समाज की अमूल्य सेवा की है। नड्डा ने एक्स पर कहा कि राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर वह चिकित्सा समुदाय के प्रति अपनी हार्दिक सराहना और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने डॉक्टरों के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और निरंतर सफलता की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story