दिवाली पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही चलेगी मेट्रो

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। दिवाली उत्सव के दौरान दिल्ली मेट्रो के संचालन समय में बदलाव किया गया है। आगामी रविवार को पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन पर मेट्रो सेवाएं सामान्य समय से एक घंटे पहले सुबह 6 बजे शुरू होंगी। वहीं, शाम को दिवाली के जश्न को देखते हुए सभी लाइनों पर आखिरी मेट्रो रात 11 बजे के बजाय 10 बजे ही टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के मुख्य कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने शुक्रवार को बताया कि रविवार को पिंक लाइन (मजलिस पार्क-मजलिस पार्क/शिव विहार), मैजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क-दीपाली चौक) और ग्रे लाइन (द्वारका-ढांसा बस स्टैंड) पर सामान्य तौर पर सुबह 7 बजे मेट्रो सेवा शुरू होती है। दिवाली के दिन इन लाइनों पर सेवा सुबह 6 बजे से शुरू होगी। वहीं, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी। सामान्य दिनों में आखिरी ट्रेन रात 11 बजे चलती है।

डीएमआरसी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे मेट्रो के बदले हुए समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। समय से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए डीएमआरसी की वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल देख सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story