नेपाल बस हादसे पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल बस हादसे पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने नेपाल में हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में तमिलनाडु के सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं।

उपराष्ट्रपति ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर इस दुखद घटना पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई बस दुर्घटना के बारे में जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ है, जिसमें तमिलनाडु के सात भारतीय तीर्थयात्रियों की जान चली गई और कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उपराष्ट्रपति ने कहा, “मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है।”

उपराष्ट्रपति ने इस हादसे से जुड़े अधिकारियों और नेपाल स्थित भारतीय दूतावास से घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और मृतकों के शवों को भारत लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है।

उल्लेखनीय है कि यह हादसा शनिवार देर शाम नेपाल के गोरखा जिले में हुआ। सभी यात्री प्रसिद्ध मनकामना मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान उनका इलेक्ट्रिक माइक्रोबस एक खतरनाक मोड़ पर अचानक लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story