तमिलनाडु पटाखा फैक्टरी हादसे पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में हुए इस हादसे में जानमाल की क्षति अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदना है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

दरअसल, विरुधुनगर जिले के कट्टुनारपट्टी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 18 मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story