दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने दिल्ली विधान सभा को बम से उड़ाने की धमकी की निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के पर्सनल ई-मेल पर सोमवार को बम ब्लास्ट की धमकी प्राप्त हुई है, जिसमें दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस मामले में दिल्ली पुलिस आयुक्त को प्राप्त ईमेल की जानकारी देते हुए तुरंत आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के सचिव विनीत कुमार ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर धमकी वाले ईमेल की जानकारी साझा करते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की है। धमकी वाले ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी का जिक्र किया गया है। यह धमकी वाला ईमेल सोमवार सुबह 08.57 बजे दिल्ली विधानसभा की पर्सनल ईमेल पर kristalburnette93@gmail.com से और सुबह 09.08 बजे फिर webbbryon76@gmail.com से भेजा गया है। पत्र में दोनों ईमेल आईडी की जानकारी देते हुए बम धमकियों के बारे में गंभीर चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए इन ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए जांच करने को कहा गया है। धमकी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली विधानसभा परिसर के साथ-साथ अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के आवास पर बम निरोधक दस्ते ने तलाशी अभियान चलाया।
भाजपा के विधायक हरीश खुराना ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक्स पोस्ट करते हुए कहा कि हाल ही में विजेंद्र गुप्ता पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार द्वारा भाजपा नेताओं पर आआपा नेता आतिश के खिलाफ दिए गए बयानों को लेकर दर्ज किए गए मुकदमे के विरोध में मुखर रहे थे। उन्होंने इस मुद्दे पर पंजाब पुलिस के अधिकारियों को भी तलब किया था। ऐसे परिप्रेक्ष्य में इस प्रकार की धमकी मिलना केवल संयोग नहीं लगता, पुलिस इसका संज्ञान ले।
भाजपा विधायक अजय महावर ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली विधान सभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलना अत्यंत गंभीर, निंदनीय और लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
अजय महावर ने कहा कि लोकतंत्र डर से नहीं, संविधान और कानून से चलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

