पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी के बावजूद उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं: कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी के बावजूद उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं: कांग्रेस


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इसका वास्तविक लाभ उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच रहा है।

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि भले ही सुर्खियों में कीमतें घटने की बात कही जा रही हो, लेकिन आम उपभोक्ताओं और डीलरों के लिए दरें लगभग जस की तस बनी हुई हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार ने केवल ‘विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क’ में कमी की है, जो तेल विपणन कंपनियां सरकार को अदा करती हैं। उनके अनुसार, इस कदम का सीधा फायदा जनता तक नहीं पहुंचा है।

खेड़ा ने इसे एक अनावश्यक कर बताते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बाद से तेल विपणन कंपनियां घाटे का सामना कर रही थीं और सरकार ने अब जाकर उस बोझ का केवल एक छोटा हिस्सा कम किया है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा दिखाई जा रही राहत केवल “कथानक” तक सीमित है, जबकि वास्तविकता में आम लोगों को कोई ठोस फायदा नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से अपील की कि सुर्खियां बनाने के बजाय उपभोक्ताओं को सीधे और वास्तविक राहत देने पर ध्यान दिया जाए।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story