Diwali Safety Tips: पटाखों से जलने पर न लगाएं टूथपेस्ट या घी, जानें सही फर्स्ट एड
रोशनी के पावन पर्व दिवाली की बात ही अलग है। इस मौके पर अंधेरा दूर करने और चारों ओर रोशनी फैलाने के लिए दीये जलाए जाते हैं। दिवाली की धूम पटाखों के बिना अधूरी है। धूम-धड़ाके के बीच सतर्कता बेहद जरूरी है, क्योंकि थोड़ी ही असावधानी आपको मुश्किल में डाल सकती है। दिवाली के मौके पर अक्सर पटाखों से जलने के मामले देखने में आते हैं। इसमें बच्चे और बड़े दोनों ही शामिल होते हैं। अगर कोई व्यक्ति पटाखों से झुलस जाए, तो तुरंत क्या कदम उठाएं? क्या जलने पर हल्दी लगा सकते हैं, टूथपेस्ट या घी का इस्तेमाल कर सकते हैं? आइए जानते हैं यहां।
-1793877633461.webp)
पटाखों से झुलसने के बाद क्या करें?
दिवाली पर अक्सर ये देखने में आता है कि लोग फर्स्ट डिगरी बर्न का शिकार होते हैं। इसमें स्किन की टॉप लेयर ही जलती है जिससे स्किन पर छोटे फफोले उभरने लगते है। इसमें तेज जलन और दर्द के साथ सूजन भी आती है। धुएं में बहुत ज्यादा देर और बहुत ज्यादा दिन तक रहने के बाद स्किन पर रेडनेस या बर्निंग सनसेशन महसूस हो सकती है। ऐसे में इन टिप्स को जरूर फॉलो करें।
दिवाली के दिन जहां भी बच्चे पटाखे जला रहे हो वहां आसपास कम से कम 2 बाल्टी पानी पहले ही जमा करके रखें।
ऐसे में अगर कोई गलती से झुलसे तो कम से कम पानी में फटाफट उसके जले हुए हिस्से को डुबाया जा सकता है।
इसके बाद स्किन जिस हिस्से से जली है उसे बहते पानी के नीचे तकरीबन 5 मिनट तक रखें। इससे दर्द कम महसूस होगा।
जहां भी पटाखे, फूलझड़ी जलाए जा रहे हों वहां पहले से ही फर्स्ट एड बॉक्स एवं मेडिकल किट रखें।
जिस हिस्से से व्यक्ति जला है उसके आस-पास से जले हुए कपड़े को हटा दें।
झुलसी त्वचा के ऊपर कपड़ा लपेटने की गलती ना करें।
एक बात पर जरूर ध्यान दें कि जली हुई जगह पर टूथपेस्ट ना लगाएं।
उभरे हुए फफोलों को ना फोड़ें। मरहम और उपचार के साथ वे खुद ही ठीक हो जाएंगे।
आप चाहें तो जले हुए हिस्से पर एलोवेरा जेल अप्लाई कर सकते है।
एक बात का हमेशा ध्यान रखें कि झुलसी स्किन पर कभी भी घी, मक्खन, तेल, अंडा, टूथपेस्ट और बर्फ लगाने से परहेज करें।
-1793877559764.webp)
जलने से बचने के लिए ये सावधानी बरतें
दिवाली में पटाखे जलाने का प्लान है तो पहले से ही कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें। ऐसा करने से आप और आपका परिवार सुरक्षित और खुशियों भरी दिवाली सेलिब्रेट करेगा।
पटाखे चलाने के दौरान ढीले या बहुत लंबे कपड़े पहनना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि ये आसानी से आग पकड़ सकते हैं। कोशिश करें कि कपड़े ज्यादा ढीले न हों और हाथ की आस्तीन को रोल कर लें। जब आप दीये, मोमबत्तियां या फटाके जला रहे हों, तो धैर्य से काम लें।
पटाखे फोड़ने के दौरान सिंथेटिक कपड़े जैसे नायलॉन या पॉलिएस्टर पहनने से बचें क्योंकि ये जल्दी आग पकड़ते हैं।दिवाली पर हमेशा कॉटन या अन्य सांस लेने योग्य कपड़े पहनें। ये न केवल सुरक्षा बढ़ाते हैं, बल्कि शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में भी मदद करते हैं।
साड़ी, लहंगा या ढीला दुपट्टा पहनते समय अतिरिक्त सावधानी रखें। पटाखें या दीयों के पास आने पर कपड़े और बालों को आग से दूर रखें।
दीपक, मोमबत्तियों को कम से कम 3 से 4 फीट की दूरी हमेशा बनाए रखें। इससे अचानक आग लगने का खतरा कम होता है।

