अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिजी यात्रा का परीक्षण शुरू
नयी दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.) देश की प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो ने डिजी यात्रा फाउंडेशन के साथ मिलकर सात प्रमुख भारतीय हवाई अड्डों पर डिजी यात्रा ऐप के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए परीक्षण शुरू कर दिए हैं।
इंडिगो ने आज यहां बताया कि अक्टूबर के अंत में शुरू हुए बीटा चरण के तहत यह परीक्षण दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर संपर्क रहित और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना है। यह सुविधा फिलहाल दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोचीन, मुंबई, चेन्नई और अमृतसर के हवाई अड्डों पर उपलब्ध कराई गई है।
वैध ई-पासपोर्ट धारक योग्य भारतीय नागरिक टर्मिनल में प्रवेश, सुरक्षा होल्ड क्षेत्र (एसएचए) और बोर्डिंग गेट पर इस बायोमेट्रिक प्रणाली का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए यात्रियों को डिगी यात्रा ऐप के जरिए अपने ई-पासपोर्ट के मशीन रीडेबल जोन (एमआरजेड) को स्कैन करना होगा और नियर फील्ड कम्युनिकेशन (एनएफसी) तकनीक का उपयोग कर चिप की जांच करनी होगी।
इंडिगो के मुख्य डिजिटल और सूचना अधिकारी नितिन चोपड़ा ने इस संबंध में कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इस डिजिटल पहचान का विस्तार भारतीय विमानन क्षेत्र में सुरक्षा और दक्षता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम है।
डिजी यात्रा फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश खड़कभावी ने कहा कि इस पहल से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को घरेलू यात्राओं की तरह ही डिजिटल पहचान का लाभ मिलेगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय मानकों जैसे 'इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के 'वन आईडी' और 'इंटरनेशनल सिविल एविएशन आर्गनाइजेशन ' (इकाओ) की 'पब्लिक की डायरेक्टरी' के साथ तालमेल बिठाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इंडिगो के बेड़े में 430 से अधिक विमान हैं और एयरलाइन लगभग 2,200 दैनिक उड़ानों का संचालन करती है। कंपनी 95 से अधिक घरेलू और 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को आपस में जोड़ती है। दूसरी ओर, डिजी यात्रा ऐप के अब तक 2 करोड़ 60 लाख से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं और 11 करोड़ से अधिक बार इसका उपयोग किया जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

