(अपडेट) पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विस सीट के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान जारी, कड़े सुरक्षा प्रबंध
दक्षिण 24 परगना, 2 मई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले में शनिवार को डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के चार और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर पुनर्निर्वाचन शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ। मतदान सुबह सात बजे प्रारंभ होकर शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
चुनाव आयोग के निर्देश पर मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों तथा डायमंड हार्बर के चार बूथों में पुनर्निर्वाचन कराया जा रहा है। जिन बूथों पर मतदान हो रहा है, उनमें मगराहाट पश्चिम के बूथ संख्या 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 एवं 232 तथा डायमंड हार्बर के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 शामिल हैं।
सुबह से ही सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। केंद्रीय बलों के जवानों के साथ राज्य पुलिस भी मुस्तैदी से तैनात है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर भीड़ जमा होने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है।
प्रथम घंटे की मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

