देवगढ़ में सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए धर्मेंद्र प्रधान ने गडकरी को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
देवगढ़ में सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए धर्मेंद्र प्रधान ने गडकरी को लिखा पत्र


भुवनेश्वर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। ओडिशा के संबलपुर से सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने देवगढ़ जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बढ़ते यातायात, जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उन्होंने राजमार्ग पर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए फ्लाईओवर, सर्विस रोड, अंडरपास और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सहित जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया है।

धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पत्र में कहा कि एनएच-49 पर अंतरराज्यीय मालवाहक वाहनों और तेज रफ्तार यातायात के साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही भी होती है। इससे सड़क सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बढ़ रही हैं। उन्होंने देवगढ़ के लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन प्रमुख स्थानों पर आवश्यक संरचनात्मक सुधार करने की जरूरत बताई।

सांसद ने देवगढ़ बाईपास के प्रारंभ में अंबेडकर चौक के पास स्थित वाई-जंक्शन पर एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही उन्होंने समर्पित सर्विस रोड और पर्याप्त हाईवे लाइटिंग की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कलेक्ट्रेट, नया बस स्टैंड और महिला महाविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थान स्थित हैं। इनके कारण स्थानीय लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे यातायात दबाव और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

प्रधान ने शहर की सीमा के पास स्थित बिरसा मुंडा चौक पर भी सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी निर्माण कार्य कराने की मांग की है। यहां देवगढ़-अनुगुल मार्ग पर राज्य राजमार्ग-21 और राष्ट्रीय राजमार्ग-49 का मिलन होता है। इस जंक्शन पर तेज रफ्तार वाहनों और स्थानीय यातायात के आमने-सामने आने से गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए एनएच-49 पर सुव्यवस्थित स्लिप रोड और वाहनों की आवाजाही के अनुकूल अंडरपास बनाने का सुझाव दिया है।

सांसद ने अपने पत्र में काला, कंधल और तिलेइबणी जैसे आबादी वाले क्षेत्रों में तेजी से हो रहे शहरीकरण का भी उल्लेख किया है। इन क्षेत्रों में आबादी बढ़ने के साथ राजमार्ग पर पैदल यात्रियों और स्थानीय वाहनों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। उन्होंने स्थानीय यातायात को तेज रफ्तार राजमार्ग यातायात से अलग रखने के लिए सर्विस रोड बनाने पर जोर दिया। इसके अलावा, सड़क किनारे नालियों, पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए गार्ड रेल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता भी बताई।

धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सड़क सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने का अनुरोध किया है। उन्होंने देवगढ़ के लोगों के व्यापक हित में प्रस्तावित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story