डीजीपी प्रभात ने रियासी में पांच आतंकवादियों की 29 कनाल जमीन जब्त करने को मंजूरी दी

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने रियासी जिले में पांच आतंकवादियों की 28 कनाल और 14.5 मरला जमीन को जब्त करने की मंजूरी दे दी है। जांच में पता चला है कि ये आतंकवादी अपनी संपत्तियों को बेचकर आतंकवादी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने की कोशिश कर रहे थे।

आदेश के अनुसार यह मंजूरी 'गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम' की धारा 25 के तहत दी गई है। यह मामला पुलिस स्टेशन महोर में दर्ज एफआईआर नंबर 70/2024 से जुड़ा है। आदेश के अनुसार मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम पुत्र गुलाम मोहम्मद, निवासी शाडोल, तहसील महोर, बशीर अहमद उर्फ मासूम पुत्र कमर दीन, निवासी बड्डर, शौकत अली पुत्र रोशन दीन, निवासी हुंडर, तहसील अरनास, मंजूर अहमद उर्फ मंजूर हुसैन पुत्र मोहम्मद दीन निवासी खंती, तहसील थुरू, और इम्तियाज अहमद पुत्र मोहम्मद मकबूल निवासी थुरू, तहसील थुरू हथियारों और गोला-बारूद का प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान चले गए थे और सीमा पार से इस क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने की कोशिशों में शामिल थे।

जांच से पता चला है कि यह आरोपित अपनी जमीनों को बेचने की कोशिश कर रहे थे, ताकि उससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जा सके। कुर्क की जाने वाली संपत्तियों में शाडोल में मोहम्मद कय्यूम की 2 कनाल 7.5 मरला जमीन, बद्दर में बशीर अहमद की 3 कनाल 8 मरला जमीन, हुंडर में शौकत अली की 3 कनाल 10 मरला जमीन, खंती में मंजूर अहमद की 15 कनाल 19 मरला जमीन और थुरू में इम्तियाज अहमद की 3 कनाल 10 मरला जमीन शामिल है।

आदेश में कहा गया है कि ये लोग हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहे थे। वे संगठन को हथियार, गोला-बारूद और पैसा मुहैया कराते थे। साथ ही स्थानीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर उन्हें आतंकवादी गतिविधियों में शामिल करने की कोशिश भी करते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782777 Articles

Share this story