कॉकरोच जनता पार्टी ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया

WhatsApp Channel Join Now
कॉकरोच जनता पार्टी ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने सरकार की ओर से कल संसद में लाये जा रहे परिसीमन विधेयक का विरोध किया है। पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ दास ने रविवार को यहां कहा कि यदि विधेयक संसद में पारित हो जाता है, तो देश के लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

दिल्ली के प्रेस कल्ब में आयोजित पत्रकार वार्ता में सौरभ दास ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपनी सत्ता को स्थायी बनाना चाहती है और पूरे देश पर नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। सरकार अब वोट चोरी के बाद सीट चोरी का सहारा लेना चाह रही है। परिसीमन विधेयक पारित होने पर इससे जुड़े आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को बिठाया जाएगा और उनके माध्यम से भाजपा को दीर्घकालिक लाभ दिलाने के लिए सीटों का स्वरुप बदला जाएगा।

दास ने निर्वाचन क्षेत्रों और वोटिंग ब्लॉकों के तैयार होने वाले नए स्वरूप को लेकर सवाल उठाए और कहा कि सरकार 'जेरीमंड्रिंग' करेगी। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन प्रक्रिया के जरिए ऐसे निर्वाचन क्षेत्र बनाए जा सकते हैं जिससे विशेष वोट बैंक को मजबूती मिले।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 27 नवंबर को नए परिसीमन प्रस्तावों को मंजूरी दी है और 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन्हें आगे बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story