दिल्ली से बिना महरम महिलाओं का समूह हज यात्रा के लिए रवाना

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली से बिना महरम महिलाओं का समूह हज यात्रा के लिए रवाना


- बिना महरम हज यात्रा महिला सशक्तिकरण का प्रबल प्रतीक है : कौसर जहां

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। सऊदी एयरलाइंस की सातवीं हज उड़ान संख्या एस.वी-5909 के जरिए 43 महिलाएं, बिना महरम के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हज की अदायगी के लिए के लिए मंगलवार को दोपहर 3:10 बजे रवाना हुईं। इस अवसर पर एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां, हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी, उप-कार्यकारी अधिकारी मोहसिन अली और हज कमेटी के अन्य स्टाफ ने इन महिलाओं का स्वागत किया और फूलों से सम्मानित कर उन्हें हज के सफर पर रवाना किया।

चेयरपर्सन कौसर जहां ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की इस सराहनीय पहल से अब समाज के हर वर्ग के लिए सहूलियतें पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की पहल पर बिना महरम (बिना आधिकारिक पुरूष साथी) के महिलाओं का हज यात्रा पर जाना धार्मिक महत्व के अलावा महिला सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण उदाहरण भी है।

उल्लेखनीय है कि आज दिल्ली से हज यात्रा पर रवाना होने वाली 43 महिलाओं में से 12 महिलाएं दिल्ली से, 21 उत्तर प्रदेश से, 3 बिहार से, 4 जम्मू-कश्मीर से, 2 मध्यप्रदेश से और 2 उत्तराखंड से हैं। 18 अप्रैल से शुरू हुई हज उड़ानों की श्रृंखला की यह सातवी उड़ान थी, जिसके तहत कुल 2721 हज यात्री हज की अदायगी के लिए मदीना रवाना हो चुके हैं। अब तक रवाना होने वाले यात्रियों में 1423 पुरुष और 1298 महिलाएं शामिल हैं। आगामी 20 मई तक सऊदी एयरलाइन की 54 उड़ानें के माध्यम से दिल्ली स्टेट सहित उतरी भारत के विभिन्न राज्यों के 21,100 से अधिक हज यात्री पवित्र हज यात्रा के लिए जेद्दा के रास्ते मक्का शहर रवाना होंगे। इस वर्ष दिल्ली से हज यात्रा के लिए पहले चरण में कुल 31 उड़ानों के माध्यम से 12240 हज यात्री रवाना होंगे, जबकि दूसरे चरण में कुल 23 उड़ानों से 8860 हज यात्री प्रस्थान करेंगे। दिल्ली राज्य के हज यात्रियों की संख्या 3196 है।

हिन्दुस्थान समाचार/ मोहम्मद ओवैस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Abdul Wahid

Share this story