दिल्ली में एसआईआर के तहत 33.1 लाख मतदाताओं को नोटिस, वेबसाइट पर सूची जारी
नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत लगभग 33.1 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और उनकी मतदान केंद्र-वार सूची कारणों के साथ दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
सीईओ अशोक कुमार ने सोमवार को विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के दावे और आपत्ति की अवधि और अन्य संबंधित मामलों के बारे में राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आयोग एक पारदर्शी, भागीदारीपूर्ण और समावेशी संशोधन प्रक्रिया के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 'कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए और किसी भी अपात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल न किया जाए', यह सुनिश्चित करता है।
सीईओ ने बताया कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सूची कारणों के साथ वेबसाइट जारी कर दी गई है। नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि मतदात का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया जाएगा। मतदाता संबंधित ईआरओ/एईआरओ को जवाब और जरूरी डॉक्यूमेंट्स जमा कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उचित सुनवाई के बिना कोई नाम नहीं हटाया जा सकता है। नोटिस और दावों/आपत्तियों का निपटारा 29 अक्टूबर तक कर दिया जाएगा, और अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को पब्लिश की जाएगी।
सीईओ ने बताया कि बेघर लोगों, ट्रांसजेंडर लोगों और सेक्स वर्कर्स के लिए भी स्पेशल कैंप लगाए जा रहे हैं। जो योग्य लोग ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हैं, वे 30 सितंबर तक जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ फॉर्म 6 जमा कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

