(अपडेट) अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर में आग से मरने वालों की संख्या 4 पहुंची, दो घायलों का इलाज जारी

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर में आग से मरने वालों की संख्या 4 पहुंची, दो घायलों का इलाज जारी


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार तड़के अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग और पार्किंग सेंटर में भीषण आग लगने से मरने वालों की संख्या 4 हो गई है, जबकि जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय छह चालक, पार्किंग के ऊपर बनी दुछत्ती पर सो रहे थे। दमकलकर्मियों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। आग में पार्किंग में खड़े सात ई-रिक्शा पूरी तरह जल गए।

पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 4:13 बजे विश्वास नगर की गली नंबर-11 में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब पांच बजे आग पर काबू पाया। सभी छह चालकों को बाहर निकालकर डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के अमईपुर गांव निवासी साधुराम कश्यप (50), महेंद्र कश्यप (40), अशोक कश्यप (40) और लालाराम यादव (35) के रूप में हुई है। घायलों की पहचान रामबीर (55) और ठाकुर दयाल (50) के रूप में हुई है। दोनों का जीटीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि हादसे वाली इमारत करीब 60 गज में बनी तीन मंजिला इमारत है। मकान मालिक नवीन सैनी ने भूतल पर बड़ा हॉल बना रखा था। उसके पास खुद के करीब 10 ई-रिक्शा हैं। इसी हॉल में ई-रिक्शा खड़े किए जाते थे और उनके लिए चार्जिंग प्वाइंट भी बनाया गया था। पुलिस के अनुसार, यहां बिना अनुमति के चार्जिंग का काम किया जा रहा था।

भूतल पर बने हॉल की ऊंचाई करीब 13 से 14 फीट थी। इसके आधे हिस्से में मेजेनाइन फ्लोर यानी दुछत्ती बनाई गई थी, जहां ई-रिक्शा चालक रात में सोते थे। ऊपरी मंजिलों पर किरायेदार रहते थे, जिनके आने-जाने के लिए गली की ओर अलग सीढ़ियां थीं।

प्रारंभिक जांच में ई-रिक्शा की बैटरी ओवरचार्ज होने से फटने या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा। क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले शाहजहांपुर के गांव अमईपुर-संडा के चारों मजदूर दिल्ली में मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते थे। अशोक कश्यप की पांच बेटियां और एक बेटा है। वह दो बेटियों की शादी के लिए पैसे जोड़ रहे थे। साधुराम कश्यप के चार बेटे और दो बेटियां हैं। करीब दो साल पहले पत्नी की मौत के बाद वही बच्चों का सहारा थे। महेंद्र कश्यप की पत्नी का भी निधन हो चुका था। गांव में उनकी मां और छोटा भाई रहते हैं, जिनकी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। वहीं, लालाराम यादव की पांच बेटियों की पढ़ाई और परिवार के खर्च की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी।

स्थानीय लोगों की तत्परता से इमारत की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले करीब 20 लोगों की जान बच गई। पड़ोसी मोहम्मद अयाज ने अपने घर की मोटर चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। उनके भाई मोहम्मद फरियाद और किरायेदार अनुरुद्ध व प्रीतिश भी मदद में जुटे। तीसरी मंजिल पर रहने वाले प्रमोद राय ने बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे उनके कमरे में धुआं भरने लगा। वह अपने दो साथियों के साथ सीढ़ियों से नीचे उतरे, जबकि बगल के कमरे में रहने वाले परिवार ने दूसरे मकान की छत पर पहुंचकर जान बचाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story