केशव कुंज में 29 अप्रैल को होगा ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नाटक का 100वां मंचन

WhatsApp Channel Join Now
केशव कुंज में 29 अप्रैल को होगा ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नाटक का 100वां मंचन


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में दिल्ली के संघ कार्यालय ‘केशव कुंज’ में 29 अप्रैल को ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नामक हिंदी नाटक का मंचन किया जाएगा।

नाटक के निर्देशक संजय पेंडसे और निर्माता सारिका पेंडसे ने शुक्रवार को हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 अप्रैल 2025 से पूरे देश में इस नाटक का मंचन किया जा रहा है, जिसका 100वां मंचन दिल्ली के संघ कार्यालय में 29 अप्रैल 2026 को शाम को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस शतकीय मंचन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।

‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नाटक संघ के प्रथम तीन सरसंघचालकों- डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, माधव सदाशिव गोलवलकर (गुरुजी) और बालासाहेब देवरस के जीवन एवं उनके योगदान पर आधारित है। उन्होंने बताया कि नाटक के माध्यम से संघ की सौ वर्षों की यात्रा को सजीव रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

पेंडसे ने बताया कि दिल्ली में इसके पहले भिन्न-भिन्न स्थानों पर इस नाटक का मंचन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को शाम 6 बजे दिल्ली के नेल्सन मंडेला मार्गा स्थित एआईसीटीई में मंचन किया जाएगा। 26 अप्रैल को सुबह 9 बजे अशोक विहार के सत्यवती कालेज और शाम 5:30 बजे कमला नेहरू कालेज में मंचन प्रस्तावित है। इसके बाद 28 अप्रैल को शाम 6 बजे रोहिणी सेक्टर-11 के शहीद सुखदेव कालेज में मंचन किया जाएगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार

Share this story