दिल्ली मे होगा ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नाटक का मंचन
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.) । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में दिल्ली में 15, 18 एवं 19 अप्रैल को तीन अलग-अलग स्थानों पर ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नामक विशेष हिंदी नाटक का मंचन किया जाएगा। नाटक के निर्देशक संजय पेंडसे ने इसकी जानकारी दी।
पेंडसे के अनुसार संघ के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे देश में इस नाटक का मंचन किया जा रहा है। ‘संघ गंगा के तीन भगीरथ’ नाटक संघ के प्रथम तीन सरसंघचालकों- डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, माधव सदाशिव गोलवलकर (गुरुजी) और बालासाहेब देवरस के जीवन एवं उनके योगदान पर आधारित है। नाटक के माध्यम से संघ की सौ वर्षों की यात्रा को सजीव रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
दिल्ली में पहला मंचन 15 अप्रैल, बुधवार को ‘कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स’ (कैट) द्वारा आयोजित किया जाएगा। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाल कृष्ण भरतिया ने बताया कि यह प्रस्तुति नई दिल्ली के संसद मार्ग स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में शाम 5 बजे होगी। । नाटक का लेखन श्रीधर गाडगे ने किया है। यह प्रस्तुति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना, उसके उद्देश्यों, सामाजिक कार्यों और विकास यात्रा को दर्शाती है। इसमें राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और संगठन के 100 वर्षों के संघर्ष व विस्तार को प्रमुखता से उकेरा गया है।
इसके बाद 18 अप्रैल शनिवार को दोपहर 3 बजे मयूर विहार स्थित महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय (वसुंधरा एन्क्लेव) में नाटक का दूसरा मंचन आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में संघ के दिल्ली पूर्व के विभाग संघचालक वीरेश कुमार ने जानकारी दी। वही केशव पुरम विभाग के संघचालक विरेंद्र नागपाल ने बताया कि तीसरा और अंतिम मंचन 19 अप्रैल, रविवार को शाम 6 बजे नॉर्थ एवेन्यू के श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय में होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

