दिल्ली मंडल में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के लिए बहुआयामी पहल
नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने रेलवे स्टेशनों, कार्यस्थलों और रेलवे आवासीय कॉलोनियों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत जल भंडारण, निस्पंदन, वितरण नेटवर्क और पेयजल सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दिल्ली मंडल के अनुसार, जल भंडारण एवं निस्पंदन टैंकों की व्यापक सफाई और आवश्यक अवसंरचना उन्नयन का कार्य किया जा रहा है। सभी जल भंडारण टैंकों को उपयुक्त ढक्कनों और संरक्षित वेंट्स से सुसज्जित करने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बाहरी प्रदूषण को रोका जा सके। इसके साथ ही जल वितरण नेटवर्क में रिसाव की जांच कर क्षतिग्रस्त पाइपों, नलों और वाल्वों की मरम्मत एवं आवश्यकता के अनुसार प्रतिस्थापन किया जा रहा है।
मंडल ने पेयजल और गैर-पेयजल उपयोगिता लाइनों के बीच पूर्ण पृथक्करण सुनिश्चित करने की प्रक्रिया भी शुरू की है, ताकि जल के दूषित होने की किसी भी संभावना को रोका जा सके। स्टेशनों पर वाटर कूलरों और वाटर वेंडिंग मशीनों से जुड़ी आरओ शुद्धिकरण इकाइयों के फिल्टर कैंडल एवं कार्ट्रिज की नियमित सर्विसिंग, ओवरहॉलिंग तथा आवश्यकता के अनुसार बदलाव किया जा रहा है।
स्टेशनों पर वाटर कूलरों और यात्रियों के लिए जल वितरण केंद्रों के आसपास नियमित स्वच्छता एवं रखरखाव अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं, रेलवे के चिकित्सा कर्मियों और इंजीनियरिंग टीमों द्वारा जल गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है। जल में अवशिष्ट क्लोरीन की दैनिक निगरानी भी सुनिश्चित की गई है।
मंडल की रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों और कार्यालयों में भी स्वच्छता, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा अवसंरचना रखरखाव के समान मानक लागू किए जा रहे हैं। प्रमुख रेलवे कॉलोनियों में ओवरहेड जल टैंकों और भूमिगत जलापूर्ति पाइपलाइनों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रखरखाव एवं जल गुणवत्ता ऑडिट किया जा रहा है। सुधारात्मक कार्रवाइयों का संकलन और उनकी निगरानी मंडल स्तर पर की जा रही है।
इस संबंध में दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने कहा कि सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की निर्बाध उपलब्धता दिल्ली मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि निरंतर निगरानी और कठोर रखरखाव प्रक्रियाओं के माध्यम से प्रतिदिन लाखों यात्रियों तथा रेलवे परिवार के सदस्यों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मंडल प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

