दिल्ली का जंतर-मंतर अब प्रदर्शन स्थल नहीं, धरना-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान तय

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली का जंतर-मंतर अब प्रदर्शन स्थल नहीं, धरना-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान तय


नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित धरना-प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है और इसके स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान तथा पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को नए स्थल के रूप में निर्धारित किया है। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने 11 अक्टूबर को इस संबंध में स्थायी आदेश जारी किया।

आदेश के अनुसार, यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। समिति को नागरिकों के विरोध-प्रदर्शन के अधिकार को ध्यान में रखते हुए जंतर-मंतर के विकल्प तलाशने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान में धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। इसमें प्रदर्शन की अनुमति लेने, आयोजन की शर्तों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित दिशा-निर्देश निर्धारित किए जाएंगे।

यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए जारी किया गया है। इसकी प्रतियां दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी जिला पुलिस इकाइयों को भेज दी गई हैं।

जंतर-मंतर लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और अन्य समूहों के धरना-प्रदर्शन का प्रमुख स्थल रहा है। यहां प्रदर्शन आयोजित करने के लिए पहले से पुलिस की अनुमति लेना और निर्धारित शर्तों का पालन करना अनिवार्य था। नए आदेश के बाद प्रदर्शनकारियों को निर्धारित वैकल्पिक स्थलों पर लागू नियमों के अनुसार अनुमति लेनी होगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759397 Articles

Share this story