दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन पर आज रात नौ बजे से पाबंदी की तैयारी, पुलिस ने डीएमआरसी को भेजा पत्र
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार शुक्रवार रात नौ बजे से बंद करने की तैयारी करने को कहा है। पुलिस ने स्थिति सामान्य होने तक शनिवार को भी ये पाबंदी जारी रखने का अनुरोध किया है। स्टेशनों के द्वार बंद किए जाने का फैसला अभी घोषित नहीं हुआ है।
पुलिस के संयुक्त आयुक्त (परिवहन रेंज) रजनीश गुप्ता ने गुरुवार को डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार को पत्र लिखकर संबंधित स्टेशनों पर आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। पत्र में इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो रेलगाड़ियों की आवृत्ति कम करने पर भी विचार करने को कहा गया है।
पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली जिले के जंतर-मंतर और अन्य स्थानों पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों तथा भीड़ के संवेदनशील स्थानों की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। प्रदर्शन का आह्वान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने किया है।
जिन 57 मेट्रो स्टेशनों पर संभावित पाबंदियों के लिए कहा गया है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ (उद्योग भवन), मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, आरके आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।
इसके अलावा आईएनए (दोनों मेट्रो लाइनों पर), हौज खास, जोर बाग, अर्जनगढ़, सराय काले खां-निजामुद्दीन, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, कालिंदी कुंज, जसोला, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस और कश्मीरी गेट भी सूची में हैं।
उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जिन स्टेशनों को सूची में शामिल किया गया है, उनमें विश्वविद्यालय, विधानसभा, सिविल लाइंस, इंद्रलोक, जीटीबी नगर, कन्हैया नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, शालीमार बाग, सीलमपुर, मौजपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा, रिठाला, रोहिणी ईस्ट और रोहिणी वेस्ट शामिल हैं।
पुलिस ने डीएमआरसी से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा स्थिति के अनुरूप उचित कदम उठाने को कहा है। प्रस्तावित व्यवस्था का उद्देश्य विरोध-प्रदर्शनों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

