ममता बनर्जी के आवास पर पहुंची दिल्ली पुलिस, 13 साल पुराने मामले में थमाया नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
ममता बनर्जी के आवास पर पहुंची दिल्ली पुलिस, 13 साल पुराने मामले में थमाया नोटिस


ममता बनर्जी के आवास पर पहुंची दिल्ली पुलिस, 13 साल पुराने मामले में थमाया नोटिस


कोलकाता, 09 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर कानूनी उलझनों में घिर गई हैं। काली पूजा के ठीक अगले दिन यानी सोमवार दोपहर कालीघाट स्थित पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर दिल्ली पुलिस के अधिकारी पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार संसद मार्ग थाने की पुलिस ने उन्हें तेरह साल पुराने एक मामले में गवाह के तौर पर तलब किया है।बताया गया है कि सोमवार दोपहर अचानक दिल्ली पुलिस स्थानीय कालीघाट थाने के अधिकारियों के साथ ममता बनर्जी के आवास पर पहुंची। उन्हें एक पुराने मामले में गवाह के रूप में तलब करते हुए आधिकारिक नोटिस सौंपा गया है।

सूत्रों के अनुसार यह मामला साल 2013 का है। इस नोटिस में सरकारी काम में बाधा डालने और अधिकारियों पर हमले सहित कई धाराओं का विशेष उल्लेख किया गया है। यह मुकदमा दिल्ली के संसद मार्ग थाने में दर्ज किया गया था। जानकारी मिली है कि दिल्ली पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री को उनकी सुविधानुसार समय तय कर अपनी गवाही दर्ज कराने की बात कही है।

इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की अचानक दिखाई गई सक्रियता और उसकी भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। 13 साल पुराने मामले में अचानक हुई इस पुलिसिया कार्रवाई के पीछे कई लोग राजनीतिक साजिश की आशंका जता रहे हैं। इस विषय पर राज्य के सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता देवजीत सरकार ने कहा कि इतने लंबे समय तक उन्हें क्यों नहीं बुलाया गया, यह सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि, इसका जवाब दिल्ली पुलिस ही देगी और उन्हें अदालत में भी इसका कारण स्पष्ट करना होगा। चूंकि यह मामला दिल्ली पुलिस से जुड़ा है, इसलिए उन्होंने इस पर अधिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

उल्लेखनीय है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पिछले कुछ महीनों में ममता बनर्जी के कालीघाट आवास पर कभी पुलिस तो कभी केंद्रीय जांच एजेंसियों की टीम लगातार पहुंचती रही है। वह इस समय कई मुकदमों का सामना कर रही हैं, जिसे उनकी पार्टी लगातार राजनीतिक साजिश करार देती रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774625 Articles

Share this story