दिल्ली‑एनसीआर में मौसम बदला, ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली‑एनसीआर में मौसम बदला, ऑरेंज अलर्ट जारी


नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। दिल्ली‑एनसीआर में गुरुवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छा गए और कई इलाकों में तेज हवा चलने लगी। कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी भी देखने को मिली। इस बदलाव से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत का अहसास हुआ।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में तेज आंधी, गरज‑चमक के साथ बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है।

आईएमडी के मुताबिक आज और 12 जून को आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बारिश और हवा के असर से तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

आईएमडी ने कहा कि लगातार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और मौसमी परिस्थितियों के कारण दिल्ली‑एनसीआर में मौसम में उतार‑चढ़ाव देखने को मिल रहा है। गर्मी के लंबे दौर के बाद अचानक बारिश और आंधी से तापमान में गिरावट आती है, जिससे लोगों को राहत मिलती है। हालांकि, तेज हवाओं और बिजली गिरने से नुकसान की आशंका भी बनी रहती है।

राजधानी में पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज हो रहा था। लू और गर्म हवाओं के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना ने राहत की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

आईएमडी के अनुसार, 12 जून को आंधी और बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। 13 जून को भी हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 14 जून तक मौसम का उतार‑चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक और झोंकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और बिजली गिरने की संभावना के चलते खुले मैदानों व पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने की कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story