प्रधानमंत्री मोदी 8 मार्च को दिल्ली मेट्रो की नई लाइनों का करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ मार्च को दिल्ली में मेट्रो की दो नई लाइनों का उद्घाटन करेंगे और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 18,300 करोड़ रुपये से अधिक है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के दो नए कॉरिडोर मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही मेट्रो के फेज-5 (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत बनाने के साथ ही यातायात दबाव और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। यह कार्यक्रम दिल्ली के डीडीए उत्सव स्थल-3 (निरंकारी मंडल के सामने) में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक 12.3 किलोमीटर लंबे सेक्शन में आठ एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इसके शुरू होने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ मिलेगी।

इसी तरह दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक लगभग 9.92 किलोमीटर लंबे मैजेंटा लाइन विस्तार में सात एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इसके जुड़ने से मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 49 किलोमीटर हो जाएगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार इन कॉरिडोरों के निर्माण में कई महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धियां भी हासिल की गई हैं। दीपाली चौक–मजलिस पार्क कॉरिडोर का एक हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है, जो दिल्ली मेट्रो के सबसे ऊंचे एलिवेटेड सेक्शनों में से एक है। वहीं मजलिस पार्क–मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर के निर्माण के दौरान यमुना नदी पर एक नया पुल भी बनाया गया है और डबल-डेकर वायडक्ट तैयार किया गया है, जिसमें मेट्रो ट्रैक और सड़क फ्लाईओवर दोनों शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मेट्रो फेज-5 (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1 तक गोल्डन लाइन विस्तार तथा तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक गोल्डन लाइन विस्तार शामिल हैं।

रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक करीब 9.9 किलोमीटर लंबा सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पूरी तरह भूमिगत होगा और इसमें नौ नए स्टेशन बनाए जाएंगे। यह कॉरिडोर इंडिया गेट, भारत मंडपम और केंद्रीय प्रशासनिक क्षेत्रों को मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के शहरों को भी लाभ मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के यात्री वायलेट लाइन के माध्यम से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे एयरपोर्ट तक यात्रा कर सकेंगे, जबकि नोएडा के यात्रियों को भी दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story