महापौर प्रवेश वाही ने अमित शाह से की मुलाकात, निगम के विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों, स्वच्छता अभियान और आगामी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

महापौर वाही ने बताया कि अमित शाह ने निगम के कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने और विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कूड़ा निस्तारण और शहर में कूड़े के ढलावों को समाप्त करने की दिशा में चल रहे प्रयासों से भी गृह मंत्री को अवगत कराया।

बैठक के दौरान कूड़े से बिजली उत्पादन को लेकर शुरू होने वाली चार नई परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। ये परियोजनाएं तेहखंड, ओखला, गाजीपुर और भलस्वा में स्थापित की जाएंगी। इन परियोजनाओं के माध्यम से कूड़ा प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।

महापौर ने बताया कि निगम आने वाले दिनों में प्रत्येक सप्ताह विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके अलावा निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 6.25 लाख विद्यार्थियों को डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 70 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

महापौर प्रवेश वाही ने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद दिल्ली नगर निगम के कार्यों में विशेष रुचि लेने और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने आश्वस्त किया कि निगम के विकास, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story