आजादी के बाद हमारी सांस्कृतिक विरासत राजनीति की भेंट चढ़ गई: अर्जुन मुंडा

WhatsApp Channel Join Now
आजादी के बाद हमारी सांस्कृतिक विरासत राजनीति की भेंट चढ़ गई: अर्जुन मुंडा


नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शनिवार को कहा कि दुर्भाग्यवश आजादी के बाद हमारी सांस्कृतिक विरासत राजनीति की भेंट चढ़ गई।

अर्जुन मुंडा ने दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) और अयोध्या न्यास के सहयोग से आयोजित 8वें ‘अयोध्या पर्व’ के दूसरे दिन वैचारिक विमर्श और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान राम की चेतना और रामराज्य की संकल्पना पर गहन मंथन के दौरान यह बात कही। दिन के प्रथम सत्र ‘शबरी के राम’ में वक्ताओं ने भगवान राम के लोकनायक स्वरूप पर चर्चा की।

उन्होंने कहा, हमारी इस विरासत में अपार आध्यात्मिक शक्ति है, जो अब पुन: जागृत हो रही है। उन्होंने शबरी के प्रसंग को भक्ति और निष्कपट प्रेम का उच्चतम आयाम बताया।

‘पं. रामकिंकर उपाध्याय की दृष्टि में रामराज्य’ विषय पर आयोजित दूसरे सत्र में पूर्व आईएएस मनोज श्रीवास्तव ने रामराज्य की परिभाषा स्पष्ट करते हुए कहा, रामराज्य में राजा सेवा करने के लिए होता है, सेवा लेने के लिए नहीं। राम का नेतृत्व सत्ता (पॉवर) में नहीं बल्कि सेवा में निहित है। उन्होंने कहा कि रामराज्य किसी पंचवर्षीय योजना से नहीं, बल्कि मानवीय भाव से संभव है।

आध्यात्मिक गुरु दीदी मां मंदाकिनी ने पं. रामकिंकर उपाध्याय के विचारों को साझा करते हुए कहा कि रामराज्य के साकार होने के लिए राम के साथ-साथ भरत, लक्ष्मण और हनुमान जैसी निष्ठा की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने राम और भरत को दो व्यक्तियों के बजाय दो विचारधाराओं का प्रतीक बताया।

आचार्य कृष्णकांत ने अयोध्या पर्व को 'चल प्रतिष्ठा' की संज्ञा देते हुए कहा कि दिल्ली में साक्षात अयोध्या का आगमन हुआ है।

शाम के सत्र में सांस्कृतिक रंगत बिखरी, जिसमें माधवी मधुकर झा ने संस्कृत स्तोत्र गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, नवीन अग्रवाल द्वारा निर्देशित नाटक ‘शबरी के राम’ ने शबरी की प्रतीक्षा और भक्ति के अनछुए पहलुओं को भावपूर्ण ढंग से मंच पर जीवंत किया।

इस मौके पर साधक की समस्याएं और शाश्वत समाधान पुस्तक का लोकार्पण किया गया।

सत्र के समापन पर अयोध्या पर्व के संयोजक व पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

इस सत्र में भाजपा प्रवक्ता डॉ गुरु प्रकाश पासवान और डॉ. विनोद तिवारी, देवेंद्र रावत, आचार्य कृष्णकांत, दीदी मां मंदाकिनी, मनोज श्रीवास्तव और राजीव गुप्ता सहित अन्य अतिथिगण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story