दिल्ली-हलवारा उड़ान 15 मई से शुरू होगी, उद्घाटन फ्लाइट की सिर्फ 40 फीसदी सीटें बुक

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 10 मई (हि.स.)।

हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए बहुप्रतीक्षित पहली उड़ान 15 मई को सुबह 5:55 बजे रवाना होगी। इसके साथ ही हलवारा एयरपोर्ट आधिकारिक तौर पर संचालन शुरू कर देगा, जिसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हालांकि, शुरुआत में यात्रियों का उत्साह उम्मीद के मुताबिक नजर नहीं आ रहा है।

उद्घाटन उड़ान के लिए अब तक केवल लगभग 40 फीसदी सीटों की ही बुकिंग हुई है। इस रूट पर 138 सीटों वाले विमान के संचालन की तैयारी है। अधिकारियों का मानना है कि नए एयरपोर्ट पर लोगों का भरोसा बनने में करीब छह महीने तक का समय लग सकता है। दिल्ली से हलवारा आने वाली पहली उड़ान के साथ-साथ हलवारा से दिल्ली लौटने वाली सुबह की उड़ान में भी यात्रियों की संख्या कम है। वापसी उड़ान में अब तक केवल करीब 35 सीटें ही बुक हुई हैं। आगामी दिनों की फ्लाइट्स में बुकिंग महज 10 से 15 प्रतिशत तक पहुंची है।

एयर इंडिया के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले कुछ महीनों तक स्थिति पर नजर रखी जाएगी और यात्रियों का भरोसा जीतने की कोशिश की जाएगी।

एसोसिएशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्रियल अंडरटेकिंग्स के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने बताया कि उन्होंने जून में कोलकाता जाने के लिए हलवारा से टिकट बुक करने पर विचार किया था, लेकिन लंबा लेओवर होने के कारण यह विकल्प सुविधाजनक नहीं लगा।

कई यात्री अभी भी शताब्दी एक्सप्रेस और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद मान रहे हैं। जानकारों का कहना है कि हवाई सेवा को लोकप्रिय होने में अभी समय लगेगा।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story