(अपडेट) दिल्लीवासी 30 अप्रैल को करेंगे सोमनाथ की निःशुल्क यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) दिल्लीवासी 30 अप्रैल को करेंगे सोमनाथ की निःशुल्क यात्रा


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने दिल्ली के लोगों के लिए “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, सोमनाथ यात्रा” कराने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत 30 अप्रैल को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से सोमनाथ धाम के लिए करीब 1300 श्रद्धालु रवाना होंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में पत्रकारों को बताया कि राज्य सरकार यहां के निवासियों के लिए “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व, सोमनाथ यात्रा” का आयोजन कर रही है। यह पावन पहल सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 1000 वर्षों की अखंड आस्था को समर्पित है। जिसका उद्देश्य सोमनाथ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को व्यापक स्तर पर पुनर्स्मरण और प्रसारित करना है। यह यात्रा केवल दर्शन की यात्रा नहीं बल्कि सनातन संस्कृति, भारतीय परंपरा और अपनी आध्यात्मिक जड़ों से जुड़ने का पावन अवसर है। सोमनाथ की कृपा से सनातन मूल्यों का प्रकाश बढ़े, संस्कृति समृद्ध हो तथा जनसेवा का भाव सुदृढ़ हो, यही हमारी प्रार्थना और प्रतिबद्धता है।

उन्होंने कहा कि सोमनाथ धाम भगवान शिव की अनंत कृपा, सनातन आस्था और भारत की अमर सांस्कृतिक चेतना का दिव्य प्रतीक है। यह स्थान हमें हमारी उस विरासत की याद दिलाता है, जिसने हर कठिन दौर में भी अपने अस्तित्व और आस्था को अक्षुण्ण बनाए रखा। यह यात्रा उसी अटूट विश्वास और राष्ट्रीय स्वाभिमान का उत्सव है। दिल्ली से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हमारी सांस्कृतिक जड़ें कितनी गहरी और सशक्त हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी नई ऊर्जा देते हैं। यह यात्रा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत करेगी तथा युवाओं को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में हमारी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, पुनर्जीवन और वैश्विक स्तर पर उनके गौरव को स्थापित करने का सतत कार्य हो रहा है। सोमनाथ धाम भी उसी व्यापक दृष्टि का हिस्सा है जहां आस्था और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिलता है।

उन्होंने बताया कि वह स्वयं सफदरजंग रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। ट्रेन अगले दिन प्रातः सोमनाथ पहुंचेगी। एक, दो और तीन मई को श्रद्धालुजन भगवान शिव के पावन ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे और आसपास स्थित अन्य प्रमुख मंदिरों के भी दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। पूरी यात्रा निःशुल्क होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पीने के पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था गुजरात सरकार करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story