दिल्ली की 31 विभूतियां ‘दिल्ली गौरव सम्मान’ से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली की 31 विभूतियां ‘दिल्ली गौरव सम्मान’ से सम्मानित


नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को ‘दिल्ली गौरव सम्मान’ में 31 विभूतियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और दुपट्टा देकर सम्मानित करने के बाद कहा कि गरिमापूर्ण व्यक्तित्व का सम्मान करना समाज का दायित्व है। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना अनुकरणीय कार्य है और इससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।

मेघवाल प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में संस्कृति युवा संस्था की ओर से पहली बार आयोजित ‘दिल्ली गौरव सम्मान’ समारोह में शामिल हुए। समारोह में दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 31 विभूतियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और दुपट्टा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र भी मौजूद रहे।

मेघवाल ने कहा कि सम्मानित की गई प्रतिभाएं अपने-अपने क्षेत्रों में दिल्ली का नाम रोशन कर रही हैं। भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का दायित्व युवाओं पर है। डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और युवा पीढ़ी को उनके पदचिह्नों पर चलने का मार्गदर्शन मिलता है। कलराज मिश्र ने संस्कृति युवा संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं को भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता बताई।

समारोह में कथक नृत्यांगना शोवना नारायण, ब्रह्माकुमारीज की राजयोगिनी बीके लक्ष्मी, स्वामी प्रेम अन्वेषी, पूर्व विदेश सेवा अधिकारी अखिलेश मिश्रा, नोएडा फिल्मसिटी एवं मारवाह स्टूडियोज के संस्थापक डॉ संदीप मारवाह, फैशन डिजाइनर मनीष त्रिपाठी, ड्रीमफोक्स सर्विसेज लिमिटेड की संस्थापक लिबराथा कल्लाट, ग्लोबल ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल के संस्थापक गौरव गुप्ता, एआई एवं डिफेंस इनोवेशन विशेषज्ञ आशीष कुमार, पीआर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजीत पाठक, फिल्म निर्माता-निर्देशक राज शांडिल्य और डॉ. करण चौधरी समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा विदुषी निशंक, लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज कुमार सिन्हा, जी न्यूज के कंट्री हेड नीरज पांडे, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य गुरिंदर सिंह, गूंज फाउंडेशन के संस्थापक अंशु गुप्ता, एबीपी न्यूज के पत्रकार राहुल मिश्रा, शिक्षा भारती की अध्यक्ष स्वाति गर्ग, पीएम पब्लिशर्स के प्रबंध निदेशक राजेश बजाज, डॉ अंशुल दीवान, केंद्रीय भंडार के प्रबंध निदेशक डॉ मुकेश कुमार, साइबर सिक्योरिटी सर्विसेज के संस्थापक शरण झा, जनता ग्रुप के प्रबंध निदेशक अविनाश मलिक, डॉ विनोद कश्यप, आशीष कुमार, रेनू सिंह, अधिवक्ता सौरव बैसोया, राजनीतिक पत्रकार अदिति नागर, शेखर कौशिक और मुवलिट के संस्थापक मोनू चौहान को भी सम्मान मिला।

संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर मैराथन का आयोजन पिछले 16 वर्षों से किया जा रहा है। संस्था भारतीय संसद से लेकर ऑस्ट्रेलिया की संसद तक ‘भारत गौरव सम्मान’ आयोजित करती रही है। इसके अलावा नवसंवत्सर स्वागत, वर्ल्ड हेल्थ फेस्टिवल और ‘दारू नहीं दूध से करें’ जैसे सामाजिक अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान से हुआ। कार्यक्रम का संचालन सोम्यता मिश्रा ने किया, जबकि संयोजक डॉ केसी परवल ने अंत में अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं और सहयोगियों का आभार जताया।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story