पुलिस विभाग में एक सशक्त 'फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन' की स्थापना करना जरूरी : किरण बेदी
नई दिल्ली, 14 मई (हि.स.)। पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी (आईपीएस) ने गुरुवार को कहा कि परिवारों के हितों की रक्षा के लिए पुलिस विभाग में एक सशक्त 'फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन' की स्थापना करना जरूरी है।
किरण बेदी ने दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित 'सिटिजन्स ग्रैटिट्यूड टू गैलेंट वॉरियर्स' के पांचवें संस्करण में यह बात कही। यह कार्यक्रम नागरिकों की ओर से देश के रक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था।
बेदी ने कहा, एक पुलिस अधिकारी तभी बहादुरी से काम कर सकता है, जब उसे घर की चिंता न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस एक राज्य का विषय है, इसलिए यह जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है कि वे अपने बहादुर अधिकारियों के परिवारों का ख्याल रखें ताकि वे तनावमुक्त होकर देश की सेवा कर सकें।
बेदी ने कहा कि पुलिस अधिकारी शहर में तो होता है लेकिन उसके पास परिवार के लिए समय नहीं होता। कई राज्यों में पुलिसकर्मियों के परिवार लगभग 'सिंगल पैरेंट फैमिली' की तरह जीवन बिताते हैं क्योंकि पुरुष अधिकारी ड्यूटी के कारण घर नहीं जा पाते। इसलिए, पुलिसकर्मियों की पत्नियों के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर पैदा किए जाने चाहिए। यदि पुलिस परिवार की महिलाएं कमाना शुरू करेंगी, तो परिवार की आय दोगुनी हो जाएगी। इससे पुलिस विभाग में व्याप्त 'ऊपर की कमाई' (भ्रष्टाचार) की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा करने वाले सैनिकों और वीर योद्धाओं के साहस, बलिदान तथा अटूट भावना को सम्मानित करना और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना है।
इस कार्यक्रम को 'एक ही रास्ता' (ट्रस्ट) ने त्रेहन ग्रुप (चीफ पेट्रन), बीकेटी मीडिया (मीडिया पार्टनर) और सार्क एसोसिएट्स (नॉलेज पार्टनर) सहित कई अन्य संस्थानों के सहयोग से आयोजित किया। इस मौके पर कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति, गैलेंट वॉरियर' कैलेंडर और 'एक ही रास्ता' की पूरी यात्रा की एक बुकलेट जारी की गयी। विशेष अतिथियों को 'गैलेंट्री अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अखिल भारतीय आयुर्वेद विद्यापीठ के अध्यक्ष, राष्ट्रीय गुरु, वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक और नाड़ी निदान विशेषज्ञ आचार्य वैद्य ताराचंद शर्मा, होम्योपैथी की आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. मेघा चतुर्वेदी, त्रेहन ग्रुप के अध्यक्ष एवम मुख्य प्रबंध निदेशक हर्ष त्रेहन, सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन की कार्यकारी संयोजक नित्या पाठक और 'एक ही रास्ता' ट्रस्ट के संस्थापक, सह- संस्थापक अध्यक्ष, सदस्य, देश के वीर जवान सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

