दिल्ली में पंडित चतुर लाल की 100वीं जयंती पर सांस्कृतिक समारोह का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में पंडित चतुर लाल की 100वीं जयंती पर सांस्कृतिक समारोह का आयोजन


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के सफदरजंग टॉम्ब में गुरुवार को तबला वादक पंडित चतुर लाल की 100वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया।

यह समारोह दिल्ली पर्यटन और पंडित चतुर लाल मेमोरियल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किया गया था। इसका क्यूरेशन श्रुति चतुर लाल ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भजन सम्राट अनूप जलोटा की प्रस्तुति से हुई। उनकी सादगीपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों में भक्ति की गहराई और भावनाओं की विविधता की झलक दिखी। इसके बाद, पंडित चतुर लाल के पोते प्रांशु चतुर लाल ने ‘ब्रह्मांड’—एक समकालीन शास्त्रीय मूल्यों से जुड़ी संगीत प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में सितार पर साकिब खान, गायन में शुहेब हसन, बांसुरी पर अतुल शंकर और कीबोर्ड पर मोनिस अली ने अपनी-अपनी कला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की क्यूरेटर श्रुति चतुर लाल ने कहा, “आज की शाम हमारी उम्मीदों से कहीं बढ़कर रही। इतने बड़े स्तर पर लोगों का एक साथ पंडित चतुर लाल की विरासत को सम्मान देना हमारे लिए बेहद भावुक पल है। यह साबित करता है कि उनकी लय आज भी जीवित है और नई पीढ़ियों को प्रेरित कर रही है।”

उल्लेखनीय है कि पंडित चतुर लाल का निधन 14 अक्टूबर 1965 को हुआ था लेकिन उनकी संगीत यात्रा आज भी जारी है। उस्ताद अली अकबर खान, पंडित रवि शंकर और अंतरराष्ट्रीय जैज़ कलाकारों के साथ उनकी प्रस्तुतियां आज भी सांस्कृतिक संवाद का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती हैं।

इस मौके पर दलेर मेहंदी, डेनमार्क के राजदूत, जापान के राजदूत, कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा, नृत्यांगना डॉ. सोनल मानसिंह और पंडित विश्वमोहन भट्ट गायक अनूप जलोटा, शिवमणि (पर्कशनिस्ट), प्रांशु चतुर लाल (तबला वादक और पर्कशनिस्ट), मोनिस अली (कीबोर्ड), शुहेब हसन (गायन), अतुल शंकर (बांसुरी) और मोहम्मद साकिब खान (सितार) सहित अन्य गणमान्य जन शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story