मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इमारत गिरने वाली जगह का किया दौरा, दिया कार्रवाई का आश्वास

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इमारत गिरने वाली जगह का किया दौरा, दिया कार्रवाई का आश्वास


नई दिल्ली, 31 मई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास इमारत गिरने वाली जगह का दौरा किया। इस हादसे में दो लोगों की मौत और आठ लोग घायल है, जिसमें तीन की हालत गंभीर है।

उन्होंने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा की डॉक्टर अभी भी यहां मौजूद हैं और बचाव अभियान बहुत सावधानी से चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस तरह की सभी अनाधिकृत इमारतों और उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इमारत गिरने की घटना से वह बेहद चिंतित हैं। सरकार का ध्यान बचाव अभियान पर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी, सीएटीएस और नागरिक सुरक्षा की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय में काम कर रही हैं। प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित सैदुल्लाजाब इलाके में शनिवार शाम एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धूल का घना गुबार छा गया। इमारत का मलबा बगल में टीन शेड के नीचे संचालित एक कैंटीन और आसपास की संरचनाओं पर जा गिरा। उस समय कैंटीन में कुछ छात्र खाना खा रहे थे, जिससे उनके मलबे में दब गए।

दमकल अधिकारियों के अनुसार शनिवार शाम 7:44 बजे इमारत ढहने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही सात दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सैदुल्लाजाब की पांच नंबर लेन स्थित इस इमारत की चौथी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। जब राहत टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं तो पूरी इमारत कंक्रीट के मलबे, मुड़े हुए सरियों और टूटे खंभों के विशाल ढेर में तब्दील हो चुकी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story