दिल्ली में ट्रैफिक जाम, पार्किंग व्यवस्था पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली में ट्रैफिक जाम, पार्किंग व्यवस्था पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने यातायात जाम और अव्यवस्थित पार्किंग को गंभीरता से लिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली के कई प्रमुख बाजारों और यातायात के व्यस्त केंद्रों पर लगने वाला जाम वायु गुणवत्ता को खराब करने में योगदान दे रहा है। इसे देखते हुए आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), एनडीएमसी समेत विभिन्न संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में आयोग ने सरोजिनी नगर मार्केट, सदर बाजार और लाला लाजपत राय मार्केट सहित दिल्ली के उन प्रमुख इलाकों में यातायात प्रबंधन दुरुस्त करने पर जोर दिया, जहां अक्सर भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यातायात के अत्यधिक दबाव वाले स्थानों पर वाहनों की आवाजाही सुचारु बनाई जाए, ताकि जाम के कारण वाहनों से होने वाले अतिरिक्त उत्सर्जन को कम किया जा सके।

आयोग ने विशेष रूप से घनी आबादी और अधिक भीड़भाड़ वाले बाजारों में पार्किंग सुविधाएं बढ़ाने और उन्हें व्यवस्थित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मल्टीलेवल पार्किंग (एमएलपी) का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है। आयोग ने सतही पार्किंग शुल्क को तर्कसंगत बनाने पर भी विचार करने का निर्देश दिया है, ताकि पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए पेट्रोल पंपों पर जांच अभियान चलाने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि 'नो पीयूसीसी, नो फ्यूल' आदेश का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) नहीं रखने वाले वाहनों को ईंधन देने पर रोक के नियम को लागू कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर नियमित जांच की जाएगी।

आयोग ने एनडीएमसी, दिल्ली छावनी बोर्ड और एमसीडी को निर्देश दिया है कि बाजारों और सड़कों की प्रतिदिन सुबह शुरुआती घंटों में उचित सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बायोमास और कचरा जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि खुले में कचरा और जैविक अपशिष्ट जलाने की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

आयोग ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को युद्धस्तर पर काम करने और अपने प्रयासों का असर जमीन पर दिखाने की हिदायत दी है। आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि उठाए गए कदमों की प्रभावशीलता जांचने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए जाएंगे, जो विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करें I

आयोग ने साफ कहा है कि यदि किसी विभाग या अधिकारी की ओर से लापरवाही अथवा निर्देशों का पालन नहीं करने की बात सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने में आयोग पीछे नहीं हटेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story