केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने गहरे समुद्र मिशन के वैज्ञानिकों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने गहरे समुद्र मिशन के वैज्ञानिकों को किया सम्मानित


नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह ने गहरे समुद्र मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को सोमवार को पृथ्वी भवन में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया। ये सभी वैज्ञानिक गणतंत्र दिवस परेड 2026 में भारत सरकार के विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किए गए थे।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अनुसार गहरे समुद्र मिशन की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में मंत्रालय ने वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के सम्मान में कार्यक्रम और भोज का आयोजन किया। इस दौरान डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि वैज्ञानिकों की सतत मेहनत, शोध और नवाचार ने भारत को गहरे समुद्र अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर सशक्त पहचान दिलाई है।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन ने संदेश के माध्यम से वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को पहली बार पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय को गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना मंत्रालय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने बताया कि पिछले 19 वर्षों में मंत्रालय ने मौसम पूर्वानुमान, जलवायु सेवाओं, महासागर एवं ध्रुवीय अनुसंधान तथा भू-विज्ञान के क्षेत्र में देश की क्षमताओं को मजबूत किया है।

सम्मानित वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए गहरे समुद्र मिशन के उद्देश्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा सहित जैव-प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, स्टार्टअप क्षेत्र से जुड़े वैज्ञानिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story