राज्यसभा ने पूर्व सांसद दत्ता मेघे को दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा में बुधवार को पूर्व सदस्य दत्ता मेघे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन में शोक प्रस्ताव रखते हुए दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभापति ने कहा कि दत्ता मेघे का 22 मार्च को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे अप्रैल 2002 से अप्रैल 2008 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। उनका जन्म 11 नवंबर 1936 को महाराष्ट्र के वर्धा जिले के पौनार में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य के रूप में की और तीन कार्यकाल तक विधायक रहे। इसके अलावा वे महाराष्ट्र सरकार में मंत्री भी रहे और चार बार लोकसभा के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दीं।

सभापति ने कहा कि दत्ता मेघे ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कई शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थान स्थापित कर विशेष रूप से वंचित वर्गों के लिए उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाई। उनके निधन को देश के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए सभापति ने कहा कि राष्ट्र ने एक सक्षम सांसद, अनुभवी विधायक और समर्पित समाजसेवी को खो दिया है। इसके बाद सदन के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story