दतिया में केन्द्रीय मंत्री शिवराज का चुनावी हुंकार, कांग्रेस पर साधा निशाना, भाजपा के लिए मांगा जनादेश
दतिया/भोपाल, 26 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के तहत बसई में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई गति प्राप्त कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत तय है। जनसभा को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी संबोधित किया।
'कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की अपनी पार्टी में ही नहीं सुनवाई'
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी में उसके प्रदेश अध्यक्ष की ही कोई पूछ-परख नहीं है, वह जनता का भला नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने की राजनीति करती है, जबकि भाजपा विकास और विश्वास की राजनीति करती है।
'कांग्रेस राज में ग्वालियर-चंबल अपहरण उद्योग का गढ़ था'
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश, विशेषकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में डकैतों और अपहरण का आतंक था। दतिया, शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में लोग शाम होने के बाद घरों से निकलने से डरते थे। उन्होंने कहा कि उस समय अपहरण एक तरह का उद्योग बन गया था। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने स्पष्ट घोषणा की थी कि मध्यप्रदेश की धरती पर या तो डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान। इसके बाद एक वर्ष के भीतर डकैतों का सफाया कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में कानून व्यवस्था चरमरा गई थी, जबकि भाजपा सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन स्थापित किया।
मोदी-मोहन के नेतृत्व में विकास को मिली नई गति
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को बदहाल सड़कें, बिजली संकट, पानी की समस्या और कमजोर शिक्षा व्यवस्था दी, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दतिया में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज, फिशरीज कॉलेज, एयर कनेक्टिविटी, सड़क नेटवर्क, अस्पतालों के उन्नयन और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। मां पीतांबरा धाम के विकास के साथ बसई क्षेत्र में भी शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास कार्यों में कभी भेदभाव नहीं करती, लेकिन सक्रिय जनप्रतिनिधि होने से विकास कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के कार्यकाल में दतिया में व्यापक विकास हुआ, जबकि बाद के वर्षों में विकास की रफ्तार प्रभावित हुई।
हर गरीब को मिलेगा आवास, महिलाओं को बनाएंगे 'लखपति दीदी'
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मध्यप्रदेश में पिछले दो वर्षों में लगभग 15 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा अब 8 लाख नए आवासों का कोटा तैयार है। नए सर्वे के आधार पर पात्र परिवारों को भी योजना का लाभ मिलेगा और बसई सहित दतिया के जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल लाड़ली बहना योजना तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर 'लखपति दीदी' बनाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले तीन करोड़ और अब छह करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि प्रत्येक महिला की वार्षिक आय कम से कम एक लाख रुपये तक पहुंच सके।
'वीबी-जी राम जी योजना' गांवों के विकास की नई आधारशिला
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंचायतों के समग्र विकास के लिए वीबी-जी राम जी योजना प्रारंभ की है। इसके तहत इस वर्ष देशभर में 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि मध्यप्रदेश को लगभग 6,500 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अनुमान के अनुसार दतिया विधानसभा की प्रत्येक ग्राम पंचायत को अगले पांच वर्षों में औसतन करीब ढाई करोड़ रुपये तक मिल सकते हैं। इस राशि से गांवों में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिंचाई और नहर परियोजनाओं से जुड़े कार्य भी शीघ्र पूरे किए जाएंगे तथा दलहन, तिलहन और बागवानी को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
'आशुतोष तिवारी संगठन के समर्पित कार्यकर्ता'
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने बचपन से संगठन में पूरी निष्ठा के साथ काम किया है। संगठन मंत्री के रूप में जहां भी जिम्मेदारी मिली, वहां भाजपा को मजबूत किया। बाद में हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने ऐसे समर्पित कार्यकर्ता को जनता की सेवा के लिए उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने मतदाताओं से 30 जुलाई को कमल के निशान पर मतदान कर भाजपा को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाने की अपील की।
दतिया को विकासवादी जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर: प्रहलाद पटेल
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि दतिया की जनता को अल्प अवधि में दोबारा अपना जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में कांग्रेस विधायक अपेक्षित विकास नहीं करा सके। अब जनता के पास विकास को नई दिशा देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनादेश का सम्मान करती है और विकास कार्यों में कभी राजनीतिक भेदभाव नहीं करती। कांग्रेस विधायक रहने के बावजूद दतिया में जिला पंचायत भवन, अटल पंचायत भवन, सामुदायिक भवन सहित अनेक विकास कार्य कराए गए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगी।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
जनसभा में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, धर्मेंद्र लोधी, गौतम टेटवाल, ग्वालियर सांसद एवं दतिया उपचुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, विधायक प्रीतम लोधी, केशव बघेल, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, श्यामसुंदर यादव, भैयासाहब लोधी, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, शिवपुरी जिला अध्यक्ष जसमंत सिंह जाटव, प्रेम सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

