साइप्रस के राष्ट्रपति 20 से 23 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे

WhatsApp Channel Join Now
साइप्रस के राष्ट्रपति 20 से 23 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे


नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस 20 से 23 मई तक भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। उनके साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा, जिसमें साइप्रस के विदेश मंत्री डॉ. कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस, परिवहन, संचार एवं निर्माण मंत्री एलेक्सिस वाफेएड्स, वरिष्ठ अधिकारी और व्यापार जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस का वर्तमान पद पर यह पहला भारत दौरा होगा। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की पिछले साल 15-16 जून को हुई साइप्रस यात्रा के एक वर्ष के भीतर हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी की वह यात्रा दो दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली साइप्रस यात्रा थी।

यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब साइप्रस यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता संभाल रहा है, जिससे इस यात्रा का महत्व और बढ़ गया है।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति, मोबिलिटी, रक्षा एवं सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), फिनटेक, नवाचार और अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों सहित बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति के सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन भी करेंगे। राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मु उनके सम्मान में राजकीय भोज देंगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी साइप्रस के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। अपने दौरे में राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस मुंबई में आयोजित एक बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे।

भारत और साइप्रस के बीच लंबे समय से घनिष्ठ और भरोसेमंद संबंध रहे हैं। दोनों देश 10 फरवरी 2027 को अपने राजनयिक संबंधों के 65 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाएंगे। यह यात्रा भारत-साइप्रस संबंधों में जारी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और भारत-यूरोपीय संघ सहयोग के व्यापक संदर्भ में साझेदारी को और गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story