चक्रवात ‘अकवान’ की आशंका से पुरी में सतर्कता, गुंडिचा मंदिर 21 नवंबर तक बंद

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात ‘अकवान’ की आशंका से पुरी में सतर्कता, गुंडिचा मंदिर 21 नवंबर तक बंद


कोलकाता, 18 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ की आशंका को देखते हुए ओडिशा के पुरी में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित तूफान और भारी बारिश को देखते हुए पुरी जिला प्रशासन ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं। इसके तहत गुंडिचा मंदिर को 19 से 21 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा श्री जगन्नाथ मंदिर में कार्तिक मास का व्रत कर रही वरिष्ठ महिलाओं के लिए विशेष दर्शन की व्यवस्था भी 19 से 21 नवंबर तक स्थगित रहेगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से हविष्य भोजन (सात्विक आहार) का पालन करने वाली महिलाओं के लिए की गई थी।

प्रशासन ने पुरी समुद्र तट के साथ अस्तरंग, चंद्रभागा और बाली हरचंडी समुद्र तटों पर भी पर्यटकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है। जिला प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से समुद्र तटों पर नहीं जाने की अपील की है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात 20 नवंबर की शाम तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों के बीच पहुंच सकता है। इस दौरान हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

चक्रवात के प्रभाव से 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा के गंजाम, गजपति, खुर्दा और पुरी जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। तूफान के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है।

संभावित आपदा से निपटने के लिए ओडिशा प्रशासन ने ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) की तीन टीमों और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों को तैनात किया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी की गई है।

जिले के सभी तटीय प्रखंडों के प्रखंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) और वरिष्ठ अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। एहतियात के तौर पर जिले के सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।

ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने तूफान की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयार रहने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story