डिजिटल गिरफ्तारी से ठगी करने वाले गिरोह का सरगना गोवा से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल गिरफ्तारी से ठगी करने वाले गिरोह का सरगना गोवा से गिरफ्तार


कोलकाता, 27 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने देशभर में डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के सरगना अमन सिंह को गोवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, अमन सिंह को रविवार को गोवा में चलाए गए अभियान के दौरान पकड़ा गया। वह समुद्र तट पर एक तंबू में छिपकर रह रहा था। उसे रिमांड पर कोलकाता लाया जा रहा है। जांच में पता चला है कि अमन सिंह अपने साथियों के साथ कोलकाता और साल्ट लेक सहित देश के कई हिस्सों में अवैध कॉल सेंटर चलाता था। गिरोह ने अवैध दूरसंचार व्यवस्था तैयार करने के लिए सिम बॉक्स का भी उपयोग किया।

इस मामले में हाल ही में बिधाननगर के इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। इसके बाद राज्य पुलिस के साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने जांच शुरू की। पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों से पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के आधार पर अमन सिंह की पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, अमन सिंह के खिलाफ मुंबई में भी इसी तरह के साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा कोलकाता में भी उसके खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज है। वह लंबे समय से पुलिस से बचकर फरार चल रहा था।

जांच एजेंसियों का कहना है कि अमन सिंह कई राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों का भी मुख्य सूत्रधार है। उससे पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Share this story