संस्कृति मंत्रालय के 65 पोर्टल की जानकारी अब एक ही एआई प्लेटफॉर्म पर होगी उपलब्ध, चैट बॉट की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
संस्कृति मंत्रालय के 65 पोर्टल की जानकारी अब एक ही एआई प्लेटफॉर्म पर होगी उपलब्ध, चैट बॉट की शुरुआत


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने देश की विशाल एवं विविध सांस्कृतिक विरासत तक आम नागरिकों की पहुंच को आसान बनाने के लिए सोमवार को कृत्रिम बुद्धमत्ता (एआई)-पावर्ड सिमेंटिक सर्च और नॉलेज डिस्कवरी प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इससे अब एक सर्च इंजन पर

संस्कृति मंत्रालय अभिलेखागार, पांडुलिपियों, संग्रहालयों, स्मारकों, अमूर्त सांस्कृतिक विरासत, विभिन्न कला रूपों, संरक्षण, स्मारक कार्यक्रमों और प्रमुख राष्ट्रीय अभियानों से जुड़े करीब 65 डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी उपलब्ध होगी।

संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म मंत्रालय के मुख्य डिजिटल प्लेटफॉर्म http://culture.gov.in पर उपलब्ध होगी जिसमें चैट बॉट भी शामिल है। यह सर्च इंजन 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगा। इसे कोई भी इस्तेमाल कर सकता है। इसके लिए किसी पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि मंत्रालय की देश के विरासत, संस्कृति से जुड़ी कई जानकारी अलग-अलग सिस्टम में बिखरी हुई थी, जिससे नागरिकों के लिए उसे खोजना और उपयोग करना कठिन था।

उदाहरण के तौर पर ज्ञानभारतम में मौजूद डेटाबेस, अभिलेख पोर्टल, मेरा गांव मेरी धरोहर, पर मौजूद विस्तृत जानकारी और डेटा के बारे में भी इस सर्च इंजन से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

नए प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब नागरिक एआई तकनीक की मदद से एक ही इंटेलिजेंट इंटरफेस पर मंत्रालय की सभी डिजिटल वेबसाइट पर मौजूद भारत से जुड़े विरासत के विश्वनीय जानकारी तक पहुंच सकेंगे। इसमें नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, एआई से तैयार सारांश, स्रोत संदर्भ, बहुभाषी अनुवाद, रिट्रीवल-ऑगमेंटेड जेनरेशन, नॉलेज ग्राफ और कीवर्ड से आगे बढ़कर उपयोग कर्ताओं की समझ और संदर्भ को समझने वाली खोज की सुविधा दी गई है।

अग्रवाल ने बताया कि

यह प्लेटफॉर्म ओपन सोर्स फाउंडेशन मॉडल पर बना है और एलएलएम-एग्नोस्टिक है, ताकि भविष्य में भारतीय सॉवरेन एआई मॉडल और नई तकनीकों को आसानी से जोड़ा जा सके। इस

प्लेटफॉर्म की खासियत

यह है कि इसमें 22 भारतीय भाषाओं में सवाल किए जा सकते हैं। हर कथन के साथ नंबर वाला साइटेशन होगा, जो संबंधित मंत्रालय के पेज पर खुलेगा, ताकि एक क्लिक में उत्तर की जांच हो सके।

इस प्लेटफॉर्म पर केवल मंत्रालय के अपने पोर्टल से जानकारी लेगा, खुले इंटरनेट से नहीं। जहां सामग्री कम होगी, वहां अनुमान लगाने के बजाय साफ बता देगा।

अग्रवाल ने बताया कि इस पहल से भारत की सांस्कृतिक विरासत तक पहुंच लोकतांत्रिक, पारदर्शी और आसान होगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story