क्रिएट इन इंडिया चैलेंज सीजन-2 शुरू, युवाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मौका

WhatsApp Channel Join Now
क्रिएट इन इंडिया चैलेंज सीजन-2 शुरू, युवाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मौका


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने क्रिएट इन इंडिया चैलेंज सीजन-2 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य एनीमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), गेमिंग, फिल्म, संगीत, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में काम करने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और नए अवसर उपलब्ध कराना है।

मंत्रालय के मुताबिक, पहले सीजन को देश और विदेश से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। एएसआईएफए इंडिया द्वारा आयोजित वेव्स अवार्ड ऑफ एक्सलेंस में भारत के 58 शहरों और 15 देशों से करीब 1,500 प्रविष्टियां मिली थीं। इनमें से 46 प्रतिभागियों को वेव्स 2025 में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला, जबकि 20 विजेताओं को सम्मानित किया गया। सीजन-1 के विजेताओं में शामिल सुरेश एरियाट की फिल्म ‘देसी ऊन’ को बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कार और पहचान मिली।

मंत्रालय ने बताया कि

सीजन-2 में मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं और इंडस्ट्री एसोसिएशनों को 50 से अधिक विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें एआई, एनीमेशन, वीएफएक्स, एक्स आर, गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, कॉमिक्स, फिल्म, प्रसारण, संगीत, नृत्य और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

चयनित संस्थाओं को प्रत्येक प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से एक करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा सकती है। इच्छुक संस्थाएं 31 जुलाई 2026 तक वेव्स बाजार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

मंत्रालय का कहना है कि इस पहल से नई प्रतिभाओं की पहचान होगी, युवाओं को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा, उनके कौशल का विकास होगा और वे अपने नए विचारों को सफल प्रोजेक्ट, उत्पाद और बौद्धिक संपदा में बदल सकेंगे। इसका उद्देश्य भारत के तेजी से बढ़ते मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को नई ऊर्जा देना और देश की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story