ग्रामीण पेयजल योजनाओं के रखरखाव के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने की कवायद

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण पेयजल योजनाओं के रखरखाव के लिए कुशल कार्यबल तैयार करने की कवायद


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की उपस्थिति में बुधवार को यहां जल शक्ति मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, जल शक्ति राज्यमंत्री वी. सोमन्ना तथा दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्रालय के मुताबिक इस समझौते का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं के नियमित संचालन एवं रखरखाव के लिए स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन तैयार करना है। इसके माध्यम से ग्रामीण युवाओं को आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

समझौते के तहत ग्रामीण पेयजल आपूर्ति प्रणालियों के प्रभावी संचालन और रखरखाव के लिए प्रशिक्षित कार्यबल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं की निरंतरता, कार्यक्षमता और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार देश के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित और दीर्घकालिक रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य की दिशा में मोदी सरकार की यह पहल महत्वपूर्ण है। यह समझौता ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन को भी बढ़ावा देगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story