ओम बिरला गोवा में 'सीपीए इंडिया ज़ोन 7' के पहले सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
ओम बिरला गोवा में 'सीपीए इंडिया ज़ोन 7' के पहले सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। संसदीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने और क्षेत्रीय विकास के साझा विजन को गति देने के लिए कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया क्षेत्र के ज़ोन 7 का पहला दो दिवसीय सम्मेलन 9 अप्रैल से गोवा की राजधानी पणजी में आयोजित होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

लोकसभा सचिवालय के अनुसार यह सम्मेलन 2024 में सीपीए इंडिया क्षेत्र का ज़ोन 7 गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभाओं से मिलकर बना है। इसको 9 क्षेत्रों में पुनर्गठित किए जाने के बाद यह जोन 7 का पहला सम्मेलन है। वर्तमान में गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष इस ज़ोन के अध्यक्ष हैं।

दो दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में भारत के भविष्य और क्षेत्रीय चुनौतियों से जुड़े दो महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा की जाएगी। इसमें वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा विधायकों की भूमिका और उनकी जिम्मेदारी और जोन 7 के राज्यों के लिए व्यापार, पर्यटन, शहरीकरण, पर्यावरण और तटीय संपर्क के क्षेत्र में सुधार तथा समन्वय करना शामिल है।

सम्मेलन का समापन 10 अप्रैल को होगा। समापन सत्र में गोवा के राज्यपाल पी. अशोक गजपति राजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही, लोकसभा अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।

यह आयोजन संसदीय सहयोग को मजबूत करने और विभिन्न राज्यों के विधायी अनुभवों को साझा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी भी इस अवसर पर अपने विचार रखेंगे। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, राजस्थान और तेलंगाना की विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारियों के अलावा, गोवा से केंद्रीय मंत्री, गोवा के सांसद और तीनों सदस्य राज्यों के विधायक भी सम्मेलन में भाग लेंगे। स्वागत भाषण गोवा विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. गणेश गांवकर देंगे जबकि धन्यवाद प्रस्ताव विधायी कार्य मंत्री मौविन गोडिन्हो प्रस्तुत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story