उपराष्ट्रपति सोमवार को लक्षद्वीप में मछली पालन विस्तार के लिए रणनीतिक कार्ययोजना करेंगे जारी
नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सोमवार को लक्षद्वीप में सजावटी मछली पालन के विस्तार के लिए रणनीतिक कार्ययोजना “मिशन रंगीन मछली 2031” जारी करेंगे।
केन्द्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के अनुसार यह कार्यक्रम लक्षद्वीप के अगत्ती में मंत्रालय की ओर से आयोजित किया जाएगा। यह रणनीतिक कार्ययोजना सजावटी मत्स्य पालन की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला में वैज्ञानिक प्रबंधन, जैव-सुरक्षा, उच्च गुणवत्ता और नियामक अनुपालन के लिए एक समान रूपरेखा प्रदान करेगी।
केन्द्र सरकार मत्स्य पालन क्षेत्र में एकीकृत और मूल्य श्रृंखला-आधारित विकास को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर-आधारित दृष्टिकोण अपना रही है। इसके अनुरूप, लक्षद्वीप को समुद्री शैवाल की खेती, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बाजार संपर्क को बढ़ावा देने के लिए एक समर्पित समुद्री शैवाल क्लस्टर के रूप में अधिसूचित किया गया है।
मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) स्वास्थ्य प्रबंधन, परिवहन और व्यापार से संबंधित प्रक्रियाओं को मानकीकृत करेंगी। इससे पूरे देश में कार्यप्रणालियों में एकरूपता सुनिश्चित होगी और सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को अपनाने को बढ़ावा मिलेगा। ये पहल हितधारकों की क्षमताओं को मजबूत करने, उत्पाद की गुणवत्ता और जैव-सुरक्षा मानकों में सुधार करने, प्रमाणन एवं बाजार तक पहुंच को सुगम बनाने में भी सहायक होंगी।
इस मौके पर मंत्रालय के राज मंत्री राजीव रंजन सिंह और राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल तथा लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल खोड़ा पटेल, सरकार के मत्स्य पालन विभाग, लक्षद्वीप सरकार, मत्स्य पालन क्लस्टर, संबंधित मंत्रालयों तथा विभागों के प्रतिनिधि समेत कई मछली पालक और मछुआरे मौजूदी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

