जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग जरूरी: भूपेंद्र यादव

WhatsApp Channel Join Now
जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग जरूरी: भूपेंद्र यादव


- कोप-31 से पहले पर्यावरण मंत्री ने स्टील, सीमेंट और परिवहन क्षेत्र की कंपनियों एवं शोध संस्थानों के साथ की चर्चा

नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लीडरशिप ग्रुप फॉर इंडस्ट्री ट्रांजिशन (लीडआईटी) जैसी पहलों के माध्यम से बहुपक्षीय सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सरकार, उद्योग जगत और शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी जरूरी है।

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन कोप31 में भागीदारी से पहले गुरुवार को नई दिल्ली में भूपेंद्र यादव ने स्टील, सीमेंट और परिवहन जैसे उन क्षेत्रों के उद्योग प्रतिनिधियों और शोध संस्थानों के साथ बातचीत की, जहां कार्बन उत्सर्जन कम करना अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण है।

बैठक में लीड आईटी के भारतीय सदस्य संगठनों में टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल), अडाणी अंबुजा सीमेंट, डालमिया सीमेंट, जेके सीमेंट, जेएसडब्ल्यू सीमेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, वोल्वो ग्रुप और स्पाइसजेट सहित कई कंपनियों ने हिस्सा लिया।

इसके अलावा भारत-स्वीडन इंडस्ट्री ट्रांजिशन पार्टनरशिप के परियोजना साझेदारों में जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड, प्रिज्म जॉनसन, होगानास इंडिया और मायहोम इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। कम कार्बन उत्सर्जन वाली तकनीकों पर काम कर रहे प्रमुख शोध संस्थानों में नेशनल काउंसिल फॉर सीमेंट एंड बिल्डिंग मैटेरियल्स, आईआईटी मुंबई, आईआईटी भुवनेश्वर, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद, आईआईटी हैदराबाद और आईआईटी खड़गपुर के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर भूपेंद्र यादव ने कहा कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और भारत सरकार सहयोगात्मक जलवायु कार्रवाई को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि लीड आई टी 3.0 एक क्रियान्वयन आधारित मंच होगा, जो जलवायु संबंधी महत्वाकांक्षाओं को ठोस परिणामों में बदलने का काम करेगा।

मंत्री ने जोर दिया कि भारत की जलवायु नीति सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत के सामूहिक प्रयासों पर आधारित है। भारत महत्वाकांक्षी नीतियों और कार्यक्रमों के माध्यम से जलवायु कार्रवाई को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने उद्योगों में स्वच्छ और कम कार्बन उत्सर्जन वाली तकनीकों को अपनाने के लिए आपसी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story