उपराष्ट्रपति व अन्य ने संविधान दिवस पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
उपराष्ट्रपति व अन्य ने संविधान दिवस पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई पक्ष-विपक्ष नेताओं ने गुरुवार को संविधान दिवस पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी।

उपराष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, इस अवसर पर, मैं बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और संविधान सभा के उन विशिष्ट सदस्यों को सादर नमन करता हूं, जिनकी दूरदृष्टि, बुद्धिमत्ता और समर्पण ने हमारे संविधान को आकार दिया और हमारे लोकतांत्रिक गणराज्य की नींव रखी। आइए, हम न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं, और एक सशक्त, समावेशी तथा समृद्ध भारत के निर्माण के लिए मिलकर प्रयास करें।

बिरला ने कहा कि भारत का संविधान हमारी लोकतांत्रिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों के लिए एक मजबूत आधार है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा हैं। इन संवैधानिक मूल्यों की गरिमा, पवित्रता और भावना को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, संविधान की प्रस्तावना, इसके मूल भाव और मूल्यों को समझें और उन्हें अपने आचरण तथा दैनिक जीवन में अपनाएं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि संविधान भारत के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह न केवल देश की शासन-व्यवस्था को स्थापित करता है बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को साकार करने का मार्ग भी प्रशस्त करता है। संविधान सभी को एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता है जहां सद्भाव और समावेशिता हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान एवं गरिमा प्राप्त हो।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि संविधान विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की मजबूत नींव है, जो प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'संविधान दिवस' मनाने की शुरुआत करके, संवैधानिक मूल्यों को हर नागरिक तक पहुंचाने का कार्य किया है।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा है। भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने देश को एक प्रगतिशील संविधान दिया।

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने कहा कि संविधान के निर्माताओं और गणतंत्र के लिए उनकी दूरदृष्टि को नमन करें। उनके आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक किताब नहीं है, यह राष्ट्र की आत्मा है। यह हर नागरिक की गरिमा की ढाल है, हर आवाज की ताकत है और न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व का संरक्षक है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राजनीतिक लोकतंत्र तब तक कायम नहीं रह सकता, जब तक कि उसकी जड़ें सामाजिक लोकतंत्र में न हों।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783308 Articles

Share this story